Bengal Media

"Your Voice, Your News"

मकर संक्रांति पर गंगासागर में आस्था का महासैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी

कोलकाता- मकर संक्रांति के पावन अवसर पर गंगासागर में बुधवार सुबह से ही आस्था का अद्भुत नज़ारा देखने को मिला। लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा और सागर के संगम में स्नान कर पुण्य अर्जित किया। मान्यता है कि त्रेता युग में स्वर्ग से उतरी मां गंगा ने कपिल मुनि के आश्रम के पास राजा सगर के 60 हजार पुत्रों को मोक्ष प्रदान किया था। उसी शुभ मुहूर्त में सदियों से गंगासागर स्नान की परंपरा चली आ रही है।
पुण्य स्नान के शुभ समय में देश-विदेश से आए तीर्थयात्रियों का सैलाब गंगासागर में उमड़ पड़ा। हालांकि राज्य सरकार की ओर से अब तक कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है, लेकिन अनुमान है कि अब तक करीब 15 लाख श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं।
कपिल मुनि आश्रम के महंत ज्ञान दास ने बताया कि बुधवार रात 9 बजकर 19 मिनट पर सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेगा। इसके साथ ही मकर संक्रांति का मुख्य पुण्य काल आरंभ होगा, जो गुरुवार दोपहर 1 बजकर 20 मिनट तक रहेगा। इसी कारण गुरुवार सुबह मकर संक्रांति के पुण्य स्नान के लिए श्रद्धालुओं की संख्या और अधिक रहने की संभावना है।
श्रद्धालुओं ने बुधवार सुबह करीब छह बजे से ही गंगा-सागर संगम पर स्नान शुरू कर दिया था। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच लोग अपने-अपने शिविरों से निकलकर संगम तट पहुंचे और पुण्य स्नान किया। पुलिस, सिविल डिफेंस, होमगार्ड के साथ-साथ नौसेना और तटरक्षक बल के 10 हजार से अधिक जवानों को सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, अब तक लगभग 30 लाख से अधिक श्रद्धालु गंगासागर पहुंच चुके हैं और अगले 24 घंटों में यह संख्या और बढ़ने की संभावना है। गंगासागर में मकर संक्रांति का यह महापर्व आस्था, परंपरा और श्रद्धा का अद्वितीय संगम बन गया है।
मकर संक्रांति पर गंगासागर में आस्था का महासैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी मकर संक्रांति पर गंगासागर में आस्था का महासैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी Reviewed by Bengal Media on January 14, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.