कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सरकार के तीसरे कार्यकाल का अंतिम अंतरिम बजट गुरुवार को विधानसभा में पेश किया गया। चुनावी साल में आए इस बजट पर पूरे राज्य की नजरें टिकी थीं, और सरकार ने इसमें महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को साधने वाली कई अहम घोषणाएं कर साफ संकेत दे दिए कि फोकस जनकल्याण और सामाजिक सुरक्षा पर है।
राज्य की वित्त राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने आज दोपहर सदन में अंतरिम बजट पेश किया। इससे पहले राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस का अभिभाषण हुआ, जिस पर करीब एक घंटे तक चर्चा चली। यह बजट ममता बनर्जी सरकार के तीसरे कार्यकाल का आखिरी बजट है, जिसे चुनाव से पहले राहत पैकेज के रूप में देखा जा रहा है। अंतरिम बजट में आशा कर्मियों, आंगनवाड़ी कर्मियों और सहायकों के भत्ते में 1000 रुपये की वृद्धि की घोषणा की गई है। इसके लिए सरकार ने सैकड़ों करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिससे बड़ी संख्या में महिला कर्मियों को सीधा लाभ मिलेगा।
सिविक वॉलंटियर और ग्रीन पुलिस के मासिक वेतन में भी 1000 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इस मद में सरकार ने 150 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया है।
बजट की प्रमुख घोषणाओं में ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना शामिल रही। योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली मासिक सहायता में 500 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जो फरवरी से लागू होगी। वर्तमान में सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1000 रुपये और एससी/एसटी वर्ग की महिलाओं को 1200 रुपये दिए जाते हैं।
राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता (डीए) 4 प्रतिशत बढ़ाने की घोषणा भी की गई है। सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले के बाद इसे कर्मचारियों के लिए अहम राहत माना जा रहा है।
युवाओं को ध्यान में रखते हुए सरकार ने नई योजना ‘बंगालर युव साथी’ की घोषणा की है। सरकार के फिर सत्ता में आने की स्थिति में यह योजना 15 अगस्त से लागू होगी। इसके तहत 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के माध्यमिक पास युवाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह भत्ता देने का प्रावधान है।
कुल मिलाकर, यह अंतरिम बजट स्पष्ट रूप से महिला सशक्तिकरण, युवा कल्याण और कर्मचारी हित पर केंद्रित नजर आता है। चुनाव से पहले सरकार ने कल्याणकारी योजनाओं को और मजबूत करने का संदेश दिया है, जिससे राजनीतिक हलकों में इसे बड़ा चुनावी दांव माना जा रहा है।
चुनाव से पहले ममता सरकार का बड़ा दांव, महिलाओं-युवाओं और कर्मियों के लिए सौगातों की बारिश
Reviewed by Bengal Media
on
February 05, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
February 05, 2026
Rating:

No comments: