आसनसोल: आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल को लगभग छह दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक प्रशासन और कर्मचारियों के बीच कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। हड़ताल का सीधा असर शहर की आम जनता पर पड़ रहा है। गली-मोहल्लों से लेकर स्कूलों और अस्पतालों के सामने तक कचरे के ढेर लग गए हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मुद्दे पर नगर निगम की विपक्षी नेता चैताली तिवारी ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मियों की मांगें पूरी तरह जायज हैं, लेकिन नगर निगम सिर्फ टैक्स वसूलने में लगा है, बदले में नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
उन्होंने बताया कि माध्यमिक परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं, लेकिन कई स्कूलों के सामने कचरे का अंबार लगा हुआ है। अस्पतालों के आसपास फैली गंदगी से मरीजों और उनके परिजनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर निगम बोर्ड को पूरी तरह विफल बताते हुए तत्काल इस्तीफे की मांग की।
वहीं समाजसेवी एवं भाजपा नेता कृष्णा प्रसाद ने कहा कि वे हड़ताली सफाई कर्मियों और आंदोलनरत आशा कर्मियों के लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने बताया कि उनकी ओर से जरूरतमंद कर्मियों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम के 106 वार्डों में गंदगी फैल चुकी है, जबकि अधिकारी समस्या के समाधान में विफल साबित हुए हैं।
दूसरी ओर, नगर निगम चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी ने कहा कि प्रशासन लगातार सफाई कर्मियों से बातचीत कर रहा है और जल्द समाधान निकलने की उम्मीद है। उन्होंने कर्मचारियों से पहले काम पर लौटने की अपील की, जिसके बाद वार्ता आगे बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि “नो वर्क, नो पे” नियम लागू है और काम नहीं करने पर भुगतान संभव नहीं होगा। चेयरमैन ने यह भी चेतावनी दी कि अगर गंदगी के कारण कोई बीमारी फैलती है, तो यह शहर के लिए गंभीर संकट बन सकता है। उन्होंने लोगों से इस मुद्दे पर राजनीति न करने और कर्मचारियों को उकसाने से बचने की अपील की।
आसनसोल में सफाई कर्मियों की हड़ताल से हालात गंभीर, शहरभर में कचरे का अंबार
Reviewed by Bengal Media
on
February 05, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
February 05, 2026
Rating:

No comments: