अंडाल- रानीगंज के प्रख्यात चिकित्सक और पिछले विधानसभा चुनाव में रानीगंज विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रहे डॉ. बिजन मुखर्जी ने सोमवार को अंडाल के बाउरी पाड़ा इलाके का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। दौरे के बाद उन्होंने इलाके में पेयजल संकट को लेकर गंभीर चिंता जताई।
डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि क्षेत्र की स्थिति देखकर वे बेहद व्यथित हैं। उनके अनुसार, यहां के लोग स्वच्छ पेयजल के अभाव में प्रदूषित पानी लेने को मजबूर हैं। उन्होंने दावा किया कि लोग लाइन में खड़े होकर ऐसा पानी घर ले जा रहे हैं, जिसे पीना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है, लेकिन विकल्प न होने के कारण वे मजबूर हैं।
एक चिकित्सक होने के नाते डॉ. मुखर्जी ने चेतावनी दी कि दूषित पानी के सेवन से डायरिया,टायफाइड,त्वचा रोग और किडनी संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। उनका कहना था कि क्षेत्र के लोगों के सामने स्वास्थ्य जोखिम के बावजूद कोई दूसरा साधन उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि यह समस्या प्राकृतिक नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। यदि प्रशासन को स्थिति की जानकारी होने के बावजूद समाधान नहीं किया गया, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गरीब, आदिवासी तथा एससी-एसटी समुदाय के लोगों की बुनियादी जरूरतों को नजर अंदाज किया जा रहा है।
स्वच्छ पेयजल हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, यह किसी की दया पर निर्भर नहीं होना चाहिए। अगर 21वीं सदी में भी लोगों को साफ पानी नहीं मिल रहा, तो विकास के दावे खोखले साबित होते हैं।
स्थानीय लोगों ने भी पानी की समस्या को लेकर नाराजगी जताई और जल्द समाधान की मांग की। फिलहाल इस मुद्दे पर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अंडाल के बाउरी पाड़ा में जल संकट पर भड़के डॉ. बिजन मुखर्जी, बोले प्रदूषित पानी पीने को मजबूर लोग
Reviewed by Bengal Media
on
February 02, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
February 02, 2026
Rating:

No comments: