रानीगंज- रानीगंज के वार्ड संख्या 88 अंतर्गत हुसैन नगर इलाके में सड़क के बीच बने हाइड्रेन का लोहे का जाल (नेट) टूट जाने से बड़ा हादसा होने का खतरा उत्पन्न हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले हाइड्रेन के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है।
इसी समस्या को लेकर स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने वार्ड पार्षद नेहा साव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पार्षद क्षेत्र में नियमित रूप से नहीं आतीं और वार्ड में विकास कार्य नहीं हो रहे हैं। लोगों ने यह भी कहा कि हाइड्रेन की सफाई तक नहीं होती, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है। आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो आने वाले चुनाव में इसका खामियाजा पार्षद और नगर निगम के मेयर को भुगतना पड़ेगा।
वहीं इस मामले में जब पार्षद नेहा साव से बात की गई तो उन्होंने आरोपों से इनकार किया। उनका कहना है कि हाइड्रेन के ऊपर लगा लोहे का जाल कई बार बदला गया है, लेकिन क्षेत्र के कुछ नशा करने वाले लोग उसे चोरी कर बेच देते हैं, जिसके कारण बार-बार यह समस्या खड़ी हो रही है। पार्षद ने दावा किया कि उनके कार्यकाल में हुसैन नगर सहित पूरे वार्ड में सड़क निर्माण, पाइपलाइन बिछाने और स्ट्रीट टैप लगाने जैसे कई विकास कार्य किए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत इलाके में काम हो रहे हैं और लोग यदि नाराज हैं तो उन्हें वास्तविक स्थिति समझनी चाहिए। पार्षद ने तंज करते हुए कहा कि अब ऐसा लग रहा है जैसे उन्हें पार्षद की जिम्मेदारी छोड़कर हाइड्रेन के जाल की चौकीदारी करनी पड़ेगी।
फिलहाल क्षेत्र में टूटा हाइड्रेन कवर लोगों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है और स्थानीय लोग जल्द स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।
रानीगंज के वार्ड 88 में टूटा हाइड्रेन कवर बना खतरा, पार्षद के खिलाफ स्थानीय लोगों का विरोध प्रदर्शन
Reviewed by Bengal Media
on
February 02, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
February 02, 2026
Rating:

No comments: