Bengal Media

"Your Voice, Your News"

भूत बंगला, जामुड़िया में ईएसआई डिस्पेंसरी का उद्घाटन,श्रमिकों को अब नजदीक मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा












जामुड़िया: औद्योगिक क्षेत्र के श्रमिकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। बुधवार को जामुड़िया के भूत बंगला इलाके में राज्य के श्रम एवं कानून मंत्री मलय घटक और स्थानीय विधायक हरेराम सिंह ने संयुक्त रूप से नई ईएसआई डिस्पेंसरी का उद्घाटन किया।
इस डिस्पेंसरी के शुरू होने से अब क्षेत्र के श्रमिकों को छोटे-मोटे इलाज या जरूरी प्रमाण पत्र के लिए आसनसोल या दुर्गापुर स्थित ईएसआई अस्पतालों तक नहीं जाना पड़ेगा। भूत बंगला स्थित इस नई स्वास्थ्य इकाई में ईएसआई कार्डधारी श्रमिकों को इंजेक्शन, प्राथमिक उपचार, दवाएं, सिक सर्टिफिकेट और अन्य आवश्यक प्रमाण पत्र यहीं उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य जामुड़िया औद्योगिक क्षेत्र में काम कर रहे हजारों श्रमिकों को सुलभ और नजदीकी चिकित्सा सेवा प्रदान करना है, ताकि समय और खर्च दोनों की बचत हो सके।
उद्घाटन समारोह में ईएसआई अस्पताल के अधिकारी, स्थानीय पंचायत सदस्य नथुनी दुसाध, ब्लॉक अध्यक्ष सिद्धार्थ राना, सुब्रत अधिकारी, सुकुमार भट्टाचार्य सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मंत्री मलय घटक ने कहा कि जामुड़िया में कई नए कारखाने स्थापित हुए हैं और बड़ी संख्या में श्रमिक ईएसआई कार्डधारी हैं, लेकिन उन्हें मामूली बीमारी के इलाज के लिए भी दूर जाना पड़ता था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा रहा है। मंत्री ने इस डिस्पेंसरी की स्थापना का श्रेय विधायक हरेराम सिंह को देते हुए बताया कि उन्होंने महज 10 दिनों में जमीन चिन्हित कर इस कार्य को संभव बनाया।
मंत्री ने आसनसोल स्थित ईएसआई अस्पताल में हुए विकास कार्यों का भी जिक्र करते हुए बताया कि वहां नए डॉक्टरों की नियुक्ति, ऑपरेशन थिएटर, नर्सिंग कॉलेज और प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज अस्पताल जैसे कदम उठाए गए हैं।
वहीं विधायक हरेराम सिंह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और मंत्री मलय घटक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की मांग और सामूहिक प्रयासों से यह डिस्पेंसरी खुल पाई है, जिससे क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे क्षेत्रीय विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
भूत बंगला, जामुड़िया में ईएसआई डिस्पेंसरी का उद्घाटन,श्रमिकों को अब नजदीक मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा भूत बंगला, जामुड़िया में ईएसआई डिस्पेंसरी का उद्घाटन,श्रमिकों को अब नजदीक मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा Reviewed by Bengal Media on February 04, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.