आसनसोल में समाजसेवी कृष्णा प्रसाद ने हड़ताली आशा व सफाई कर्मियों को बांटा चावल, ईडी कार्रवाई पर भी दिया बयान
आसनसोल- आसनसोल के समाजसेवी एवं भाजपा नेता कृष्णा प्रसाद ने सोमवार को कल्ला इलाके स्थित अपने आवास के पास मैदान में एक सामाजिक पहल के तहत आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों और आशा कर्मियों को चावल वितरित किया। जानकारी के अनुसार, इस दौरान करीब 1500 जरूरतमंद कर्मियों को एक-एक बोरा चावल दिया गया।
गौरतलब है कि आशा कर्मी पिछले वर्ष 23 दिसंबर से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं, जबकि नगर निगम के सफाई कर्मचारी भी पिछले चार दिनों से आंदोलनरत हैं। हड़ताल के कारण दोनों वर्गों के कर्मियों को आर्थिक और पारिवारिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस अवसर पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कृष्णा प्रसाद ने कहा कि चाहे आशा कर्मी हों या सफाई कर्मचारी, ये हमारे समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। कम वेतन के कारण इन्हें घर चलाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, इसलिए हम मानवीय आधार पर उनके साथ खड़े हैं।
हालांकि उन्होंने कर्मियों से यह भी अपील की कि हड़ताल किसी समस्या का स्थायी समाधान नहीं है, लेकिन साथ ही उन्होंने उनकी मांगों के प्रति सहानुभूति जताते हुए प्रशासन से सकारात्मक पहल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल्द समाधान निकालकर हड़ताल समाप्त कराई जानी चाहिए, क्योंकि इसका असर आम जनता पर भी पड़ रहा है।
दूसरी ओर, पश्चिम बर्धमान जिले में विभिन्न व्यापारियों के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी को लेकर पूछे गए सवाल पर कृष्णा प्रसाद ने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। उन्हें निश्चित रूप से ठोस जानकारी मिली होगी, जिसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस क्षेत्र में कई प्रभावशाली लोग जांच के दायरे में आ सकते हैं। उनके अनुसार इन व्यापारियों से सख्ती से पूछताछ होने पर कई बड़े नेताओं और मंत्रियों के नाम सामने आ सकते हैं, तब जाकर सही मायनों में न्याय होगा।
आसनसोल में समाजसेवी कृष्णा प्रसाद ने हड़ताली आशा व सफाई कर्मियों को बांटा चावल, ईडी कार्रवाई पर भी दिया बयान
Reviewed by Bengal Media
on
February 03, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
February 03, 2026
Rating:

No comments: