रानीगंज: जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने और मानव सेवा के उद्देश्य से रविवार को रानीगंज के एस.सी. लेन स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन एवं संत निरंकारी मिशन की ओर से एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कुल 100 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
रक्तदान से पूर्व सभी रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। चिकित्सकीय टीम ने रक्तदाताओं का ब्लड प्रेशर, शुगर लेवल तथा वजन की जांच करने के बाद ही उन्हें रक्तदान की अनुमति दी। आयोजन के दौरान स्वास्थ्य संबंधी सभी आवश्यक मानकों का पालन किया गया।
कार्यक्रम में रानीगंज मंडल-1 के अध्यक्ष समशेर सिंह, भाजपा नेता मनोज ओझा, संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन रानीगंज शाखा के प्रमुख दिलीप सिंह सहित बड़ी संख्या में फाउंडेशन के सदस्य, श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर दिलीप सिंह ने बताया कि संत निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन वर्ष 1984 से लगातार रक्तदान शिविरों का आयोजन करती आ रही है। इसके साथ ही संस्था समाज कल्याण और मानव सेवा से जुड़े विभिन्न सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रूप से भाग लेती है।
उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर के साथ-साथ सत्संग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। सत्संग के दौरान 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को मिशन के इतिहास, संस्कारों और परंपराओं की जानकारी दी गई, ताकि वे भविष्य में जिम्मेदार और आदर्श नागरिक बन सकें।
उन्होंने रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों और उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मानवता की सेवा ही संत निरंकारी मिशन का मुख्य उद्देश्य है और इसी भावना के साथ ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।
रानीगंज में संत निरंकारी मिशन का भव्य रक्तदान शिविर, 100 यूनिट रक्त संग्रहित
Reviewed by Bengal Media
on
May 31, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
May 31, 2026
Rating:

No comments: