Bengal Media

"Your Voice, Your News"

दिनदहाड़े रानीगंज में 8 लाख की सोने की चेन की छिनतई, बाइक सवार बदमाश फरार

रानीगंज: रानीगंज में रविवार दोपहर दिनदहाड़े हुई एक दुस्साहसिक छिनतई की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। राष्ट्रीय राजमार्ग से सटी एक गली में बाइक सवार बदमाशों ने एक बैंक अधिकारी के गले से करीब 52 ग्राम वजन की सोने की चेन झपट ली, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पलक झपकते ही राष्ट्रीय राजमार्ग के रास्ते फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, निजी बैंक के अधिकारी गुलशन कुमार अरोड़ा रविवार दोपहर करीब 1:45 बजे बाजार से खरीदारी कर स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। बाइक के पीछे बैठे युवक ने अचानक उनके गले से सोने की चेन झपट ली और दोनों आरोपी तेजी से मौके से भाग निकले।
घटना से हतप्रभ गुलशन कुमार अरोड़ा ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वह सड़क पर गिर पड़े। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और पूरे इलाके में जांच अभियान शुरू कर दिया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में एक तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवकों की तस्वीर सामने आई है। इनमें एक युवक हेलमेट पहने हुए था, जबकि दूसरा मास्क लगाए हुए था। फुटेज में दोनों को रानीगंज से पंजाबी मोड़ की ओर जाते देखा गया है। पीड़ित का दावा है कि यही दोनों युवक वारदात को अंजाम देकर फरार हुए हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी सेंट्रल ध्रुव दास, डिटेक्टिव विभाग के एडीसी मीर सईदुल अली, एसीपी सेंट्रल-2 बिमान कुमार मृधा, रानीगंज थाना प्रभारी सुबीर कर्मकार, जामुड़िया थाना के ओसी सौमेंद्रनाथ ठाकुर, पंजाबी मोड़ फांड़ी के आईसी नजमुल हुडा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस गिरोह का संबंध पहले बांकुड़ा और बीरभूम में हुई इसी तरह की छिनतई की घटनाओं से हो सकता है। प्रारंभिक अनुमान है कि बदमाशों ने बैंक अधिकारी की पहले से रेकी की थी और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
फिलहाल आरोपियों की तलाश में विभिन्न इलाकों में नाका चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस सनसनीखेज छिनतई कांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े रानीगंज में 8 लाख की सोने की चेन की छिनतई, बाइक सवार बदमाश फरार दिनदहाड़े रानीगंज में 8 लाख की सोने की चेन की छिनतई, बाइक सवार बदमाश फरार Reviewed by Bengal Media on May 31, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.