Bengal Media

"Your Voice, Your News"

रानीगंज में पत्रकारों की अनूठी पहल, सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया जागरूकता अभियान हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश, सिविक वॉलंटियर्स ने भी बढ़ाया सहयोग

रानीगंज : सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रानीगंज में पत्रकारों ने एक अनूठी पहल की। खबरों के माध्यम से समाज की समस्याओं को सामने लाने वाले पत्रकार इस बार खुद सड़क पर उतरकर लोगों को सुरक्षित यातायात का संदेश देते नजर आए।
इस क्रम में पंजाबी मोड़ स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के नीचे शहीद भगत सिंह की प्रतिमा के समीप रानीगंज प्रेस मीडिया पर्सन की ओर से सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पत्रकारों ने राहगीरों और वाहन चालकों से बातचीत कर उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराया।
इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की गई। इसके अलावा तेज रफ्तार से बचने और सड़क पर निर्धारित यातायात नियमों का पालन करने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम में पत्रकार बप्पा बनर्जी, सम्राट दास, बिप्लाप बाध्यकर,अनूप जोशी,जिशू हेमराम , फहाद अंसारी और फैजान सिद्दीकी सहित अन्य पत्रकारों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। वहीं, इस अभियान में सिविक वॉलंटियर्स ने भी पत्रकारों के साथ मिलकर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान पत्रकारों ने लोगों को समझाया कि सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। यातायात नियमों का पालन करना केवल पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामाजिक दायित्व है।
पत्रकारों की इस पहल के जरिए यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि पत्रकारिता का दायरा केवल समाचार संकलन और प्रसारण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाजहित से जुड़े मुद्दों पर जनभागीदारी सुनिश्चित करना भी इसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
पत्रकारों ने आम लोगों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें, क्योंकि सुरक्षित सफर ही सुरक्षित जीवन की पहली शर्त है।
रानीगंज में पत्रकारों की अनूठी पहल, सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया जागरूकता अभियान हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश, सिविक वॉलंटियर्स ने भी बढ़ाया सहयोग रानीगंज में पत्रकारों की अनूठी पहल, सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया जागरूकता अभियान हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन का दिया संदेश, सिविक वॉलंटियर्स ने भी बढ़ाया सहयोग Reviewed by Bengal Media on November 06, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.