Bengal Media

"Your Voice, Your News"

रानीगंज में विश्व हिंदू परिषद की विशेष सभा, “विश्व हिंदू वार्ता” के प्रचार-प्रसार पर जोर

रानीगंज- रानीगंज के श्री सीताराम जी भवन में शनिवार को विश्व हिंदू परिषद की ओर से एक विशेष सभा का आयोजन किया गया। सभा में संगठन के मुखपत्र “विश्व हिंदू वार्ता” के प्रचार-प्रसार को लेकर व्यापक चर्चा की गई। कार्यक्रम में राष्ट्रवाद, अखंड भारत, सनातन संस्कृति और संगठन विस्तार जैसे मुद्दों पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि “विश्व हिंदू वार्ता” केवल एक पत्रिका नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, धार्मिक चेतना और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों को समाज तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। इसमें देशभर में हो रहे धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हिंदू समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से प्रकाशित किया जाता है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय प्रचार-प्रसार प्रमुख जयंतो भौमिक ने कहा कि गुरुदेव अरविंद के अखंड भारत के विचार को साकार करना सभी राष्ट्रवादियों का दायित्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और कम्युनिस्ट सरकारों ने तुष्टिकरण की राजनीति के जरिए राष्ट्रवादी विचारधारा को कमजोर करने का प्रयास किया, लेकिन समय के साथ राष्ट्रवादी सोच और अधिक मजबूत हुई है।
सभा को संबोधित करते हुए रानीगंज के भाजपा विधायक पार्थो घोष ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम काफी सराहनीय है और आज समाज को ऐसे आयोजनों की अत्यंत आवश्यकता है, ताकि हिंदू समाज को एकजुट कर सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि अब केवल योजनाएं बनाने का समय नहीं, बल्कि पहले से बनी परियोजनाओं को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारने की जरूरत है। विधायक ने कहा कि पिछली सरकार की वजह से फंड की भारी कमी देखने को मिल रही है, लेकिन उन्हें विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में इस समस्या का समाधान निकलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आने वाले समय में बंगाल की जनता तक प्रभावी रूप से पहुंचेगा।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन फॉर्म सही तरीके से भरें, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि के कारण लोग लाभ से वंचित न रहें।
रामनवमी के अवसर पर रानीगंज के ऐतिहासिक अखाड़े को लेकर विधायक पार्थो घोष ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि इस वर्ष भी रानीगंज में पहले की तरह भव्य अखाड़ा निकलेगा और वह स्वयं अग्रिम पंक्ति में रहकर इसकी अगुवाई करेंगे।
सभा में जिलाध्यक्ष मनीष कुमार शर्मा ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय बनाने पर बल दिया। कार्यक्रम में लोगों से “विश्व हिंदू वार्ता” पढ़ने, इसके ग्राहक बनने और समाज के अन्य लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाने की अपील की गई।
इस मौके पर तेज प्रताप सिंह, तुषार बनर्जी, शैकत बिस्वास, राजीव बरुई, बलाई मंडल, शांतनु मुखर्जी, रानीगंज प्रखंड अध्यक्ष रामजी साव, सचिव बिस्वाजीत गोराई, दुर्गा वाहिनी की अर्चिता साव सहित विश्व हिंदू परिषद के कई सदस्य मौजूद रहे।
रानीगंज में विश्व हिंदू परिषद की विशेष सभा, “विश्व हिंदू वार्ता” के प्रचार-प्रसार पर जोर रानीगंज में विश्व हिंदू परिषद की विशेष सभा, “विश्व हिंदू वार्ता” के प्रचार-प्रसार पर जोर Reviewed by Bengal Media on May 23, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.