पानागढ़–रंडीहा मोड़ से 102 नंबर रेलवे गेट तक जर्जर सड़क बनी जानलेवा, भारी वाहनों पर रोक की मांग को लेकर ग्रामीणों का सड़क जाम
दुर्गापुर- दुर्गापुर के पानागढ़ रंडीहा मोड़ से 102 नंबर रेलवे गेट तक फैली अत्यंत महत्वपूर्ण और घनी आबादी वाली ग्रामीण सड़क की हालत बीते कई वर्षों से बेहद जर्जर बनी हुई है। कई गांवों को जोड़ने वाली यह सड़क स्थानीय लोगों के दैनिक आवागमन, व्यापार-वाणिज्य और स्कूल-कॉलेज के छात्र-छात्राओं के लिए एकमात्र सहारा है, लेकिन लंबे समय से मरम्मत के अभाव में अब यह सड़क लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में आवासीय मकान और छोटे-बड़े दुकानें स्थित हैं। इसके बावजूद इस ग्रामीण सड़क से प्रतिदिन सैकड़ों भारी और अति-भारी वाहन, विशेषकर बालू लदे ट्रक और डंपर, बेरोकटोक गुजरते हैं। भारी वाहनों की इस अनियंत्रित आवाजाही के कारण अक्सर भीषण जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे क्षेत्र के छोटे और मध्यम व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
लगातार भारी वाहनों के चलने से सड़क तेजी से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। हालात ऐसे हैं कि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए सड़क पार करना बेहद जोखिम भरा हो गया है। सुरक्षा के अभाव में कई परिवार घरों में कैद होकर रहने को मजबूर हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब पूरी सड़क जलमग्न होकर आवागमन के पूरी तरह अयोग्य बन जाती है।
इसी मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं आवाजाही करते हैं। जान जोखिम में डालकर पढ़ाई के लिए निकलने को मजबूर बच्चों को लेकर अभिभावकों में गहरी चिंता देखी जा रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि राज्य सरकार की प्रशासनिक गाइडलाइन के अनुसार घनी आबादी और ग्रामीण सड़कों पर भारी व अति-भारी वाहनों की आवाजाही के लिए समय-सीमा और वजन नियंत्रण अनिवार्य है। बिना प्रशासनिक अनुमति डंपर और भारी ट्रकों का चलना प्रतिबंधित है तथा सड़क की क्षमता के अनुसार यातायात नियंत्रित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। बावजूद इसके, आरोप है कि वर्षों से इन नियमों को नजरअंदाज कर इस सड़क पर भारी वाहनों की अवैध आवाजाही जारी है।
अपनी मांगों को लेकर सोमवार को स्थानीय निवासियों ने रणडिहा मोड़ से कॉलोनी जाने वाली सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क जाम के कारण पूरे इलाके में यातायात ठप हो गया और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलने पर कांकसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासन के साथ लंबी बातचीत के बाद जल्द सड़क मरम्मत, नालियों के निर्माण और भारी वाहनों की आवाजाही पर कड़ी पाबंदी लगाने को लेकर प्रशासनिक बैठक का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद आंदोलनकारियों ने जाम हटा लिया।
हालांकि स्थानीय निवासियों का साफ कहना है कि वे केवल आश्वासन नहीं, बल्कि तत्काल प्रशासनिक दिशा-निर्देशों को लागू कर इस जनबहुल ग्रामीण सड़क को सुरक्षित और आवागमन योग्य बनाने की ठोस कार्रवाई चाहते हैं।
पानागढ़–रंडीहा मोड़ से 102 नंबर रेलवे गेट तक जर्जर सड़क बनी जानलेवा, भारी वाहनों पर रोक की मांग को लेकर ग्रामीणों का सड़क जाम
Reviewed by Bengal Media
on
February 09, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
February 09, 2026
Rating:

No comments: