Bengal Media

"Your Voice, Your News"

महिला से दुष्कर्म के आरोप में सिविक वॉलंटियर गिरफ्तार, वीडियो वायरल करने की देता था धमकी

दुर्गापुर: दुर्गापुर में एक सिविक वॉलंटियर पर महिला से दुष्कर्म और वीडियो वायरल करने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी सिविक वॉलंटियर चिरंजीत साहा को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी चिरंजीत साहा दुर्गापुर के कोकओवन थाना क्षेत्र स्थित विद्यासागर पल्ली का निवासी है और सिविक वॉलंटियर के रूप में कार्यरत था। पीड़िता ने 28 अप्रैल को दुर्गापुर महिला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि अक्टूबर 2025 से आरोपी लगातार उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाता रहा। इतना ही नहीं, विरोध करने या किसी को घटना की जानकारी देने पर वीडियो वायरल करने की धमकी भी देता था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी अपने पुलिस संबंधों और प्रभाव का डर दिखाकर उसे लगातार भयभीत करता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर कोकओवन थाना क्षेत्र के विद्यासागर पल्ली से आरोपी सिविक वॉलंटियर को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद रविवार को आरोपी को दुर्गापुर महकमा अदालत में पेश किया गया। मामले की सुनवाई के बाद न्यायाधीश ने आरोपी को पांच दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया, ताकि मामले की विस्तृत जांच की जा सके।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने महिला को कब से और किन परिस्थितियों में कथित रूप से प्रताड़ित किया तथा क्या इस मामले में कोई डिजिटल साक्ष्य मौजूद हैं। वहीं, सिविक वॉलंटियर की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही इलाके में व्यापक चर्चा और चिंता का माहौल बन गया है।

महिला से दुष्कर्म के आरोप में सिविक वॉलंटियर गिरफ्तार, वीडियो वायरल करने की देता था धमकी महिला से दुष्कर्म के आरोप में सिविक वॉलंटियर गिरफ्तार, वीडियो वायरल करने की देता था धमकी Reviewed by Bengal Media on May 31, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.