Bengal Media

"Your Voice, Your News"

प्रधानमंत्री मोदी के साथ झालमुड़ी खाने वाले दुकानदार को विदेशी नंबरों से धमकी, झाड़ग्राम में मचा हड़कंप

झाड़ग्राम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झाड़ग्राम दौरे के दौरान सड़क किनारे जिस साधारण झालमुड़ी विक्रेता की दुकान पर रुककर उन्होंने झालमुड़ी खाई थी, वही दुकानदार अब दहशत के साए में जी रहा है। झाड़ग्राम के गरीब दुकानदार बिक्रम साव को कथित तौर पर पाकिस्तान और बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार धमकी भरे वीडियो कॉल और मैसेज मिल रहे हैं। धमकी में उनकी दुकान को बम से उड़ाने और जान से मारने तक की बात कही गई है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के बाद बिक्रम साव की छोटी सी दुकान अचानक पूरे राज्य में चर्चा का केंद्र बन गई थी। मीडिया से लेकर आम लोगों की भारी भीड़ उनकी दुकान पर पहुंचने लगी थी। लेकिन अब यही पहचान उनके लिए परेशानी का कारण बन गई है।
बिक्रम साव का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से उनके मोबाइल पर पाकिस्तान और बांग्लादेश के कोड वाले नंबरों से लगातार वीडियो कॉल आ रहे हैं। उनका कहना है कि कॉल रिसीव करते ही दूसरी तरफ बैठे लोग आधुनिक हथियार और बंदूकें दिखाकर डराते-धमकाते हैं। इतना ही नहीं, कुछ मैसेज में उनसे पूछा गया — “क्या तुम अभी तक जिंदा हो?”
इन धमकियों के बाद से बिक्रम साव और उनका परिवार भारी मानसिक तनाव में है। रात में दुकान बंद कर घर लौटते समय उन्हें हर पल किसी अनहोनी का डर सता रहा है। बिक्रम साव ने कहा मोदी जी के आने के बाद लोग मुझे जानने लगे थे, जो मेरे लिए गर्व की बात थी। लेकिन अब फोन पर हथियार दिखाकर धमकियां दी जा रही हैं। मैं और मेरा परिवार बेहद डरे हुए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिक्रम साव ने झाड़ग्राम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया है। सूत्रों के मुताबिक साइबर सेल विदेशी नंबरों और कॉल की जांच में जुट गई है।
इस घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी तेज हो गई है। बिनपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक प्रणत टुडू ने कहा एक गरीब दुकानदार को विदेशी नंबरों से धमकी मिलना बेहद गंभीर मामला है। देश के व्यापारियों को इस तरह डराने की कोशिश किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी, चाहे वह पाकिस्तान हो या बांग्लादेश।
फिलहाल पूरे झाड़ग्राम में इस घटना को लेकर भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।
प्रधानमंत्री मोदी के साथ झालमुड़ी खाने वाले दुकानदार को विदेशी नंबरों से धमकी, झाड़ग्राम में मचा हड़कंप प्रधानमंत्री मोदी के साथ झालमुड़ी खाने वाले दुकानदार को विदेशी नंबरों से धमकी, झाड़ग्राम में मचा हड़कंप Reviewed by Bengal Media on May 22, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.