जामुड़िया में ऐतिहासिक जीत के बाद विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी का संदेश—विकास प्राथमिकता, हिंसा से सख्त दूरी
जामुड़िया: जामुड़िया विधानसभा सीट से ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद भारतीय जनता पार्टी के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने मंगलवार को अपने आवासीय कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया, जिनके समर्थन से वह विधायक चुने गए।
डॉ. मुखर्जी ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें जिस तरह का जनसमर्थन मिला, वह उनके लिए अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा जनता के मुद्दों पर राजनीति करती आई है और यही कारण है कि जामुड़िया की जनता ने उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना।
चुनाव परिणामों के बाद कुछ स्थानों पर हिंसक घटनाओं की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी किसी भी प्रकार की हिंसा का समर्थन नहीं करती। उन्होंने कहा कि पार्टी का चरित्र और सिद्धांत साफ-सुथरी राजनीति पर आधारित है और हिंसा के लिए उसमें कोई स्थान नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि अन्य दलों के कार्यकर्ता भाजपा में शामिल होने के नाम पर किसी तरह की अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, तो उन्हें समझ लेना चाहिए कि इस तरह की गतिविधियों को पार्टी में कोई जगह नहीं मिलेगी। भाजपा नेतृत्व पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि चुनाव से पहले जो जिस दल में था, उसे वहीं रहना चाहिए।
डॉ. बिजन मुखर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं से संयम बनाए रखने और किसी भी उकसावे में न आने की अपील की। उन्होंने कहा कि जामुड़िया की जनता ने उन्हें विकास के लिए जनादेश दिया है और वह उसी दिशा में काम करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी जोर दिया कि क्षेत्र में शांति और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।
जामुड़िया में ऐतिहासिक जीत के बाद विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी का संदेश—विकास प्राथमिकता, हिंसा से सख्त दूरी
Reviewed by Bengal Media
on
May 05, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
May 05, 2026
Rating:

No comments: