Bengal Media

"Your Voice, Your News"

जामुड़िया को बनाएंगे बंगाल का सर्वश्रेष्ठ विधानसभा क्षेत्र : विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी पेयजल, रोजगार, स्वास्थ्य और अवैध कारोबार पर सख्त रुख, दुर्गापूजा से पहले जल संकट समाधान का दावा

जामुड़िया- जामुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए बड़ा ऐलान किया है। शुक्रवार को बीजपुर स्थित विधायक कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य जामुड़िया को पश्चिम बंगाल का सर्वश्रेष्ठ विधानसभा क्षेत्र बनाना है।
विधायक ने बताया कि चुनाव जीतने के बाद उन्होंने पूरे क्षेत्र का दौरा कर लोगों की समस्याओं को जाना है। उन्होंने कहा कि जामुड़िया की सबसे बड़ी समस्या पेयजल संकट है, जिसके स्थायी समाधान के लिए प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी दुर्गापूजा से पहले लोगों को काफी हद तक राहत मिलेगी।
रोजगार के मुद्दे पर डॉ. मुखर्जी ने कहा कि स्थानीय युवाओं को उद्योगों में रोजगार दिलाने के लिए विभिन्न फैक्ट्रियों और उद्योग प्रबंधन से बातचीत की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
विधायक ने अवैध बालू और कोयला कारोबार के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जामुड़िया में आधुनिक चिकित्सा केंद्र स्थापित करने की पहल की जा रही है। साथ ही बहादुरपुर और अखलपुर स्वास्थ्य केंद्रों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की योजना भी बनाई गई है।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण जामुड़िया में फायर ब्रिगेड स्टेशन की जरूरत है, जिसके लिए आगामी बजट में प्रस्ताव रखा जाएगा। वहीं जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे।
डॉ. बिजन मुखर्जी ने औद्योगिक प्रदूषण और सिंघारन नदी के संरक्षण को भी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि नदी को अतिक्रमण और प्रदूषण से बचाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
ईसीएल के धसान प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और रोजगार के लिए भी प्रयास जारी हैं। वहीं श्याम सेल कंपनी से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि जांच में अनियमितता मिलने पर कानून के अनुसार कार्रवाई होगी।
संवाददाता सम्मेलन के अंत में विधायक ने कहा कि विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आधारभूत संरचना और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में जामुड़िया को राज्य का आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाया जाएगा।
जामुड़िया को बनाएंगे बंगाल का सर्वश्रेष्ठ विधानसभा क्षेत्र : विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी पेयजल, रोजगार, स्वास्थ्य और अवैध कारोबार पर सख्त रुख, दुर्गापूजा से पहले जल संकट समाधान का दावा जामुड़िया को बनाएंगे बंगाल का सर्वश्रेष्ठ विधानसभा क्षेत्र : विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी  पेयजल, रोजगार, स्वास्थ्य और अवैध कारोबार पर सख्त रुख, दुर्गापूजा से पहले जल संकट समाधान का दावा Reviewed by Bengal Media on June 13, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.