रानीगंज: राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-19 पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मंगलपुर औद्योगिक क्षेत्र के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर के पीछे 16 चक्का डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही पंजाबी मोड़ पुलिस चौकी, रानीगंज ट्रैफिक पुलिस तथा नेशनल हाईवे के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। क्षतिग्रस्त केबिन में फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी। अंततः क्रेन की सहायता से चालक को बाहर निकालकर गंभीर अवस्था में आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने सड़क किनारे खड़े ट्रेलर चालक की लापरवाही पर सवाल उठाए। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि ट्रेलर बिना किसी इंडिकेटर या पार्किंग लाइट के अंधेरे में खड़ा था, जिसके कारण डंपर चालक उसे समय रहते देख नहीं सका और हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि वहां मौजूद अन्य वाहन चालकों ने ट्रेलर का नंबर नोट कर लिया और इसकी जानकारी पुलिस को दे दी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
NH-19 पर भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रेलर से टकराया 16 चक्का डंपर, चालक गंभीर रूप से घायल
Reviewed by Bengal Media
on
June 18, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
June 18, 2026
Rating:

No comments: