Bengal Media

"Your Voice, Your News"

वेतन समझौता-12 को लेकर बीएमएस सक्रिय, छोरा-10 पीट में मजदूरों को दिया एकजुटता का संदेश

जामुड़िया- ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के केंदा क्षेत्र स्थित छोरा-10 पीट कोलियरी में शुक्रवार को भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) से संबद्ध खान श्रमिक कांग्रेस की ओर से एक महत्वपूर्ण पीट सभा आयोजित की गई। सभा में आगामी राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौता-12 (एनसीडब्ल्यूए-12) को लेकर बड़ी संख्या में कोयला मजदूरों को जागरूक किया गया तथा उनके अधिकारों और संगठन की रणनीति की जानकारी दी गई।
सभा को संबोधित करते हुए बीएमएस के प्रतिनिधि जयनाथ चौबे ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ हमेशा राष्ट्रहित, उद्योग हित और मजदूर हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने कहा कि एनसीडब्ल्यूए-11 की अवधि 30 जून 2026 को समाप्त हो चुकी है और एनसीडब्ल्यूए-12 एक जुलाई 2026 से प्रभावी हो गया है। ऐसे में समय पर सम्मानजनक वेतन समझौते के लिए संगठन पूरी मजबूती के साथ प्रयास कर रहा है।
उन्होंने बताया कि वेतन बोर्ड-12 के गठन और मजदूरों को जागरूक करने के उद्देश्य से 25 से 30 जून तक विभिन्न खदानों में पीट सभा, गेट मीटिंग और स्ट्रीट मीटिंग आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से श्रमिकों को वेतन समझौते की प्रक्रिया और उसके महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।
जयनाथ चौबे ने आरोप लगाया कि कुछ श्रमिक संगठन समय पर वेतन समझौता नहीं चाहते और मजदूरों के हितों से अधिक राजनीतिक लाभ को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने मजदूरों से किसी भी तरह के भ्रामक प्रचार से बचने और संगठित होकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि एनसीडब्ल्यूए-11 के दौरान भी कई तरह की आशंकाएं जताई गई थीं, लेकिन भारतीय मजदूर संघ के प्रयासों से सम्मानजनक समझौता संभव हुआ। इसी तरह एनसीडब्ल्यूए-12 में भी वेतन वृद्धि, सामाजिक सुरक्षा, कार्यस्थल की सुरक्षा और श्रमिक कल्याण जैसे मुद्दों पर संगठन पूरी मजबूती से अपनी बात रखेगा।
सभा को खान श्रमिक कांग्रेस के अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, महामंत्री मृत्युंजय सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष मनोज चौबे, केंदा एरिया सचिव शिवचंद हरिजन, तापस घोष, छोरा-10 पीट शाखा अध्यक्ष अनूप कुमार घोष, शाखा सचिव देवजीत चटर्जी, देवप्रिय चटर्जी, अनिल यादव, अक्षयलाल यादव सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।
सभा के अंत में उपस्थित मजदूरों ने संगठन के नेतृत्व में अपने अधिकारों की रक्षा और सम्मानजनक एनसीडब्ल्यूए-12 वेतन समझौते के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया।
वेतन समझौता-12 को लेकर बीएमएस सक्रिय, छोरा-10 पीट में मजदूरों को दिया एकजुटता का संदेश वेतन समझौता-12 को लेकर बीएमएस सक्रिय, छोरा-10 पीट में मजदूरों को दिया एकजुटता का संदेश Reviewed by Bengal Media on July 10, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.