रानीगंज जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र कार्यालय पर भाजपा का औचक निरीक्षण, अव्यवस्था और कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर उठाए सवाल
रानीगंज- रानीगंज के गिरजापाड़ा स्थित आसनसोल नगर निगम के जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण कार्यालय में कथित अव्यवस्था को लेकर भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को भाजपा युवा मोर्चा रानीगंज मंडल-1 के अध्यक्ष मोनू वर्मा और आसनसोल जिला भाजपा के कार्यकारी सदस्य रवि केशरी के नेतृत्व में पार्टी प्रतिनिधिमंडल ने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भाजपा नेताओं ने कार्यालय की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए आम लोगों को हो रही परेशानियों पर नाराजगी जताई।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए लोगों को कई-कई महीनों तक कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। समय पर प्रमाणपत्र नहीं मिलने से बच्चों के स्कूल में दाखिले, सरकारी योजनाओं का लाभ और अन्य आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। निरीक्षण के दौरान कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में लोग अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए।
भाजपा का यह भी आरोप है कि निर्धारित कार्यालय समय के बावजूद कई अधिकारी और कर्मचारी अपने कक्षों में मौजूद नहीं थे। वहीं, लोगों को पोर्टल तकनीकी रूप से काम नहीं करने की जानकारी देकर वापस भेजा जा रहा था। भाजपा नेताओं ने इसे प्रशासनिक लापरवाही करार देते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
भाजपा युवा मोर्चा के मंडल-1 अध्यक्ष मोनू वर्मा ने कहा कि जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र जैसी बुनियादी सेवाओं के लिए लोगों को महीनों तक भटकना पड़ना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी है कि नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
वहीं, भाजपा के जिला कार्यकारी सदस्य रवि केशरी ने आरोप लगाया कि कार्यालय की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोगों का काम कथित रूप से पैसे लेकर प्राथमिकता के आधार पर किया जाता है, जबकि सामान्य आवेदकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और आम लोगों को समय पर प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं कराए गए, तो पार्टी जनहित में बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
रानीगंज जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र कार्यालय पर भाजपा का औचक निरीक्षण, अव्यवस्था और कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर उठाए सवाल
Reviewed by Bengal Media
on
July 09, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
July 09, 2026
Rating:

No comments: