Bengal Media

"Your Voice, Your News"

आभ्या फाउंडेशन की ओर से रानीगंज में पहली बार ‘रन फॉर रानीगंज’ मैराथन, 600 प्रतिभागियों ने लगाई दौड़

रानीगंज: दुर्गा पूजा के उत्सवी माहौल के बीच रानीगंज में रविवार को खेल और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पहली बार ‘रन फॉर रानीगंज’ मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। आभ्या फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस मैराथन में करीब 600 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ लगाई। पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों के अलावा बिहार और झारखंड से भी प्रतिभागी इस आयोजन में शामिल हुए।
मैराथन की शुरुआत रानीगंज के रॉबिन सेन स्टेडियम से हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने रानीगंज बाजार के रास्ते दौड़ लगाई और वापस रॉबिन सेन स्टेडियम पहुंचकर मैराथन का समापन किया। पूरे आयोजन का उद्देश्य युवाओं को खेलकूद के प्रति प्रोत्साहित करना, शारीरिक फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों में अपने शहर के प्रति जुड़ाव की भावना को मजबूत करना था।
कार्यक्रम में भाजपा नेता शमशेर सिंह, मोनू वर्मा, समाजसेवी कुंदन साहा, मयंक सिंह राजपूत, अविनाश चतुर्वेदी, पंकज सिंह, आभ्या फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष परितोष सिंह तथा रानीगंज फिजिकल अकैडमी के संस्थापक रवि राउत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में रवि राउत और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान रानीगंज के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे डिजिटल क्रिएटर्स को भी सम्मानित किया गया।
आभ्या फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष परितोष सिंह ने कहा कि रानीगंज में पहली बार फाउंडेशन की ओर से इतने बड़े स्तर पर ‘रन फॉर रानीगंज’ मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 600 लोगों ने हिस्सा लिया। उन्होंने आयोजन में शामिल सभी विशिष्ट अतिथियों, पिछले 20 दिनों से मेहनत कर रहे वॉलंटियर्स और रानीगंज फिजिकल अकैडमी के संस्थापक रवि राउत का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि यदि आयोजन के दौरान किसी भी प्रतिभागी को व्यवस्था से संबंधित किसी प्रकार की परेशानी हुई हो, तो इसके लिए वे क्षमा चाहते हैं। परितोष सिंह ने आश्वासन दिया कि आने वाले दिनों में भी रानीगंज में इस तरह के सामाजिक और खेलकूद से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में शामिल भाजपा नेता शमशेर सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि आभ्या फाउंडेशन ने रानीगंज में एक सफल कार्यक्रम आयोजित किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के आयोजन होते रहेंगे, ताकि युवाओं में खेलकूद के प्रति जागरूकता बढ़े।
उन्होंने आज के युवाओं में मोबाइल की बढ़ती लत पर चिंता जताते हुए कहा कि स्कूल और ट्यूशन के बाद युवाओं का काफी समय मोबाइल गेम और अन्य गतिविधियों में बीत जाता है। इसके कारण वे मैदान और खेलकूद से दूर होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को मैदान की ओर आकर्षित करना और उन्हें फिटनेस के प्रति जागरूक करना बेहद जरूरी है।
शमशेर सिंह ने कहा कि नवरात्र के पहले दिन आयोजित इस मैराथन का संदेश भी शक्ति, ऊर्जा और स्वस्थ जीवन से जुड़ा है। इस तरह के आयोजन युवाओं को मोबाइल की दुनिया से बाहर निकालकर खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
समाजसेवी कुंदन साहा ने कहा कि उनकी इच्छा है कि रानीगंज के युवा स्वस्थ और फिट रहें तथा एकजुट होकर अपने शहर के लिए दौड़ें। उन्होंने कहा कि सैकड़ों लोगों की भागीदारी ने यह साबित कर दिया है कि रानीगंज के लोगों को अपने शहर से कितना प्यार है।
इस मैराथन में स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूसरे क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आभ्या फाउंडेशन की पूरी टीम, वॉलंटियर्स और स्थानीय लोगों के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
आयोजकों के अनुसार, भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को खेलकूद के प्रति प्रोत्साहित करने, शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और रानीगंज में सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने का प्रयास जारी रहेगा।
आभ्या फाउंडेशन की ओर से रानीगंज में पहली बार ‘रन फॉर रानीगंज’ मैराथन, 600 प्रतिभागियों ने लगाई दौड़ आभ्या फाउंडेशन की ओर से रानीगंज में पहली बार ‘रन फॉर रानीगंज’ मैराथन, 600 प्रतिभागियों ने लगाई दौड़ Reviewed by Bengal Media on October 11, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.