रानीगंज में छात्रों की फरमाइश पर साइकिल चलाने लगीं मंत्री अग्निमित्रा पाल, बच्चों संग बैठकर खाया मिड-डे मील
रानीगंज : रानीगंज ब्लॉक के बल्लवपुर रामगोपाल सराफ विद्यापीठ में शनिवार को ‘सारथी’ परियोजना के तहत साइकिल वितरण कार्यक्रम के दौरान उस वक्त दिलचस्प नजारा देखने को मिला, जब छात्रों की फरमाइश पर राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने स्कूल परिसर में साइकिल चलाई। साइकिल के पहियों में हवा कम होने के बावजूद मंत्री ने छात्रों की मांग को नहीं टाला और कुछ दूरी तक साइकिल चलाकर बच्चों का उत्साह बढ़ाया।
इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और स्थानीय लोग मौजूद रहे। छात्रों की खुशी उस समय और बढ़ गई, जब मंत्री ने उनके साथ बैठकर स्कूल का मिड-डे मील भी खाया।
कार्यक्रम के दौरान अग्निमित्रा पाल ने क्षेत्र के विकास को लेकर कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि बंगाल के छात्रों के लिए साइकिलों का निर्माण राज्य में ही हो, इसके लिए बंद पड़ी साइकिल फैक्ट्री को दोबारा शुरू करने की दिशा में पहल की जाएगी।
मंत्री ने बल्लवपुर की बंद पेपर मिल, बालको फैक्ट्री और कॉटन मिल को भी दोबारा शुरू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि पुराने मालिक यदि कारखानों को नहीं चला पाते हैं, तो बेहतर कंपनियों को लाकर यहां दोबारा उत्पादन शुरू कराने की पहल की जाएगी।
इसके साथ ही स्कूलों में स्मार्ट क्लास शुरू करने और क्षेत्र की जर्जर सड़कों की जल्द मरम्मत कराने का भी आश्वासन दिया गया।
मंत्री को अपने बीच इस तरह देखकर छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह नजर आया। बच्चों ने कहा कि मंत्री ने केवल साइकिल ही नहीं बांटी, बल्कि उनके साथ साइकिल चलाई और बैठकर खाना भी खाया। यह दिन उनके लिए यादगार रहेगा।
रानीगंज में छात्रों की फरमाइश पर साइकिल चलाने लगीं मंत्री अग्निमित्रा पाल, बच्चों संग बैठकर खाया मिड-डे मील
Reviewed by Bengal Media
on
October 03, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
October 03, 2026
Rating:

No comments: