Bengal Media

"Your Voice, Your News"

रानीगंज में प्रदूषण के खिलाफ सड़क जाम, भारी वाहनों की आवाजाही से त्रस्त लोगों का विरोध

रानीगंज- रानीगंज वार्ड संख्या 91 अंतर्गत गिरजा पाड़ा बर्न्स क्लब क्रॉसिंग स्थित पानी टंकी के पास भारी वाहनों की आवाजाही से फैल रहे प्रदूषण के विरोध में सोमवार को स्थानीय निवासियों ने सड़क जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
लोगों का आरोप है कि कोयला, बालू और स्पंज आयरन लदे ट्रकों के लगातार गुजरने से इलाके में भारी मात्रा में धूल उड़ती है, जिससे राहगीरों के साथ-साथ आसपास रहने वाले परिवारों का जीवन दूभर हो गया है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि धूल इतनी अधिक उड़ती है कि वह सीधे घरों के भीतर तक पहुंच जाती है। इससे न केवल घरेलू सामान खराब हो रहा है, बल्कि भोजन भी दूषित हो जाता है और लोगों में सांस संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं।
प्रदर्शन के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बोरो चेयरमैन मुजम्मिल शहजादा मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान उन्होंने कहा कि स्थानीय निवासियों की मांग पूरी तरह जायज है और जिस तरह से धूल प्रदूषण फैल रहा है, उससे लोगों को गंभीर परेशानी हो रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही परिवहन मालिकों और बालू घाट संचालकों के साथ बैठक कर समाधान निकाला जाएगा। साथ ही नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने की व्यवस्था की जाएगी ताकि धूल को नियंत्रित किया जा सके।
मौके पर मौजूद तृणमूल कांग्रेस अल्पसंख्यक सेल के अध्यक्ष नियाज अहमद ने भी प्रदर्शनकारियों का समर्थन करते हुए कहा कि लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के साथ किसी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में कठोर कदम उठाने की मांग की।
आखिरकार पुलिस प्रशासन और बोरो चेयरमैन के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने पथावरोध समाप्त कर दिया, जिसके बाद यातायात पुनः सामान्य हो गया।


रानीगंज में प्रदूषण के खिलाफ सड़क जाम, भारी वाहनों की आवाजाही से त्रस्त लोगों का विरोध रानीगंज में प्रदूषण के खिलाफ सड़क जाम, भारी वाहनों की आवाजाही से त्रस्त लोगों का विरोध Reviewed by Bengal Media on February 14, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.