दुर्गापुर- पश्चिम बर्धमान के कांकसा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर में एक 24 वर्षीय नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बुधवार रात एक बहुमंजिला आवास के नीचे से मंदिरा पाल का शव बरामद किया गया। मृतका का घर बांकुड़ा जिले के विष्णुपुर में बताया जा रहा है। वह मलानदिघी स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में कार्यरत थीं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार रात उनकी ड्यूटी थी, लेकिन सहकर्मियों ने जब उन्हें नहीं पाया तो पुलिस को सूचना दी। बाद में आवास परिसर के बाहर से उनका शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर दुर्गापुर महकमा अस्पताल भेज दिया गया।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, बहुमंजिला इमारत से गिरने के कारण मौत हुई है। हालांकि यह दुर्घटना है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आवास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा स्थानीय लोगों और सहकर्मियों से पूछताछ की जा रही है।
घटना से मृतका के विष्णुपुर स्थित घर में शोक का माहौल है। मृतका के मामा मनोतोष बंद्योपाध्याय ने कहा, यह सामान्य मृत्यु नहीं है, पूरे मामले की सही तरीके से जांच होनी चाहिए।
वहीं अस्पताल की असिस्टेंट सुपर डॉ. राजश्री गुप्ता ने बताया यह बेहद दुखद घटना है। हमने पुलिस को सभी जरूरी जानकारी दे दी है। मृत्यु के कारणों की जांच पुलिस कर रही है।
कांकसा के गोपालपुर में युवा नर्स की रहस्यमय मौत, इलाके में सनसनी
Reviewed by Bengal Media
on
February 12, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
February 12, 2026
Rating:

No comments: