रानीगंज में ₹2.5 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास, सड़क, ड्रेन और हाईमास्ट लाइट सहित कई परियोजनाएं शुरू
रानीगंज: आसनसोल दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (ADDA) के तहत शनिवार को रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से कई विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं में सड़क, ड्रेन, हाईमास्ट लाइट और एलईडी स्ट्रीट लाइट से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार सियारसोल काली मंदिर से रानीसायर मोड़ तक सड़क निर्माण,वार्ड संख्या 33 में रघु माझी तालाब के पास कंक्रीट रोड का निर्माण, पंजाबी मोड़ फांड़ी परिसर में हाई मास्ट लाइट की स्थापना,मंगलपुर औद्योगिक क्षेत्र में एलईडी स्ट्रीट लाइट की मरम्मत और नई लाइट लगाने का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा रानीगंज के वार्ड संख्या 88 के विवेकानंद पल्ली में ड्रेन निर्माण तथा सिदुली और उखड़ा इलाके में भी कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत की गई।
इस अवसर पर पंजाबी मोड़ फांड़ी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में रानीगंज के विधायक तापस बनर्जी,अड्डा के चेयरमैन कवि दत्ता, अड्डा की सीईओ आईएएस अदिति चौधरी,रानीगंज बोरो चेयरमैन मुज्जमिल साहज़ादा,
रानीगंज शहर तृणमूल अध्यक्ष सह पार्षद रंजीत सिंह,आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी सेंट्रल-टू विमान कुमार मिर्धा,रानीगंज थाना के प्रभारी अमित सिन्हा महापात्र,पंजाबी मोड़ फांड़ी के प्रभारी नजमूल हुडा, निमचा फांड़ी प्रभारी सुल्ताना नसरीन और तमाम पुलिस अधिकारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक तापस बनर्जी ने कहा कि रानीगंज के विभिन्न इलाकों में विकास कार्यों के लिए उन्होंने अड्डा से आग्रह किया था, जिसके बाद करीब ढाई करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई और आज इन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
वहीं अड्डा के चेयरमैन कवि दत्ता ने कहा कि रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में आज ढाई करोड़ रुपये के विकास कार्यों की शुरुआत की गई है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जनता को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए और इन विकास कार्यों को सुरक्षित रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि नालियों में कचरा नहीं डालना चाहिए और यह भी ध्यान रखना चाहिए कि किसी भी विकास कार्य में किसी प्रकार का भ्रष्टाचार न हो।
दुर्गापुर की तुलना में रानीगंज में विकास कार्य कम होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब भी जिस काम के लिए प्रस्ताव आया है, उसे मंजूरी दी गई है। हालांकि रानीगंज में कई जगह जगह की कमी होने के कारण विकास कार्यों में बाधा आती है, जबकि दुर्गापुर में जगह की कमी नहीं होने से वहां काम बेहतर तरीके से हो पाता है।
रानीगंज में ₹2.5 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास, सड़क, ड्रेन और हाईमास्ट लाइट सहित कई परियोजनाएं शुरू
Reviewed by Bengal Media
on
March 07, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
March 07, 2026
Rating:

No comments: