जामुड़िया- राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अर्धसैनिक बलों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव की औपचारिक घोषणा से पहले ही अर्धसैनिक बलों ने विभिन्न इलाकों में रूट मार्च शुरू कर दिया है। मार्च महीने के पहले सप्ताह में ही अर्धसैनिक बल बंगाल पहुंच चुके हैं और संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर रहे हैं।
जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के चाकदोला मोड़ स्थित आईटीआई कॉलेज परिसर में अर्धसैनिक बलों की अस्थायी छावनी बनाई गई है। यहां से जवान रोजाना आसपास के क्षेत्रों में रूट मार्च कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और स्थानीय लोगों से बातचीत कर इलाके की शांति व्यवस्था की जानकारी ले रहे हैं।
शनिवार को अर्धसैनिक बलों के जवानों ने जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के केंदा, परसिया, चिचुड़िया और डोबराना इलाकों में पैदल मार्च किया। इस दौरान केंदा फाड़ी पुलिस के अधिकारी संतोष खा समेत अन्य पुलिस कर्मी भी मौजूद थे।
रूट मार्च के दौरान जवानों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर इलाके की स्थिति की जानकारी ली और लोगों को आश्वस्त किया कि आगामी चुनाव के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी तरह के भय या दबाव में आए बिना निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
जामुड़िया में अर्धसैनिक बलों का रूट मार्च, चुनाव से पहले सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
Reviewed by Bengal Media
on
March 14, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
March 14, 2026
Rating:

No comments: