रानीगंज में रामनवमी पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा, नई झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगा आयोजन
रानीगंज: रामनवमी के अवसर पर आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा को सफल बनाने को लेकर विश्व हिंदू परिषद की ओर से शुक्रवार देर शाम रानीगंज स्थित परिषद कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने शोभायात्रा की तैयारियों और रूपरेखा की जानकारी दी।
संवाददाताओं को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष मनीष शर्मा ने बताया कि चैत्र नवरात्र की नवमी तिथि, जो भगवान श्रीराम के अवतरण दिवस के रूप में मनाई जाती है, उस दिन हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी रानीगंज में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा में क्षेत्र के सभी सनातन धर्मावलंबियों को मौखिक रूप से आमंत्रित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि शोभायात्रा अन्नपूर्णा लेन स्थित मारवाड़ी ब्राह्मण सभा भवन से प्रारंभ होकर एमजी रोड होते हुए शहर के विभिन्न इलाकों की परिक्रमा कर पुनः वहीं आकर समाप्त होगी। इस वर्ष भी शोभायात्रा का मार्ग पूर्व की भांति ही रहेगा और रूट में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
मनीष शर्मा ने बताया कि इस बार की शोभायात्रा में कई आकर्षक झांकियां देखने को मिलेंगी। विशेष रूप से महाराष्ट्रीयन ढोल की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी, जिसे नारी शक्ति द्वारा बजाया जाएगा। इसके अलावा केरल बैंड भी शामिल होगा, जिसमें दक्षिण भारतीय परिधान में कलाकार ढोल और पारंपरिक वाद्य यंत्र बजाते नजर आएंगे। इसके साथ ही कई नई झांकियां भी शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगी।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों और रामराज्य की परिकल्पना को समाज में आगे बढ़ाना है। इस दौरान उन्होंने शोभायात्रा के संस्थापक राजू बर्मन को भी श्रद्धापूर्वक याद किया, जिनका हाल ही में बीमारी के कारण निधन हो गया। साथ ही रानीगंज-बल्लभपुर के वाद्यकर पाड़ा निवासी सुजीत वाद्यकर को भी याद किया, जो वर्तमान में अस्वस्थ हैं। उन्होंने कहा कि उनके बिना इस बार की शोभायात्रा में एक खालीपन महसूस होगा।
विश्व हिंदू परिषद के जिला सचिव तेज प्रताप सिंह ने बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा में पिछले साल की तुलना में अधिक भीड़ होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि शोभायात्रा का उद्देश्य सभी सनातनियों को एकजुट करना और भगवान श्रीराम के आदर्शों का प्रचार-प्रसार करना है। उन्होंने यह भी बताया कि शोभायात्रा को लेकर प्रशासन से बातचीत हो चुकी है और प्रशासन का पूरा सहयोग प्राप्त होगा।
इस मौके पर विश्व हिंदू परिषद रानीगंज प्रखंड के अध्यक्ष रामजी साव, सचिव विश्वजीत गोराई, सदस्य रणजीत सिंह, अमरजीत रविदास, प्रमोद रवानी, बिशु मंडल, राहुल सिंह, रोहन सिंह और रितेश दत्त सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
रानीगंज में रामनवमी पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा, नई झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजेगा आयोजन
Reviewed by Bengal Media
on
March 07, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
March 07, 2026
Rating:

No comments: