जामुड़िया- आसनसोल से तृणमूल कांग्रेस के सांसद शत्रुघ्न सिन्हा रविवार शाम पहली बार चुनावी माहौल के बीच जामुड़िया पहुंचे। यहां उन्होंने तृणमूल प्रत्याशी हरेराम सिंह के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित किया और कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया।
सभा को संबोधित करते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने हरेराम सिंह की जीत को “सुनिश्चित” बताते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता मिलकर इस जीत को और मजबूत बनाएं और क्षेत्र में तृणमूल का परचम लहराएं।
उन्होंने बंगाल के माहौल को लेकर फैल रही खबरों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बाहरी मीडिया में राज्य को लेकर गलत तस्वीर पेश की जा रही है, जबकि यहां शांति, भाईचारा और आपसी सद्भाव कायम है।
अपने भाषण में सिन्हा ने भाजपा और चुनाव आयोग पर भी तीखा हमला बोला।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पर केंद्र सरकार, विशेषकर अमित शाह का प्रभाव है। उन्होंने कहा भाजपा और चुनाव आयोग एक-दूसरे के पर्यायवाची बन गए हैं—एक के खिलाफ बोलो तो दूसरा बचाव में आ जाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले प्रशासनिक स्तर पर बड़े पैमाने पर अधिकारियों का तबादला किया गया, जिससे निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं। साथ ही उन्होंने मतदाता सूची से नाम कटने और आधार कार्ड की वैधता जैसे मुद्दों का भी जिक्र किया और कहा कि इन मामलों में सुप्रीम कोर्ट तक जाना पड़ा।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तारीफ करते हुए उन्होंने उन्हें “आयरन लेडी” बताया और कहा कि उन्होंने राज्य में कई जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार ने भी कई योजनाएं राज्य की तर्ज पर शुरू की हैं।
सिन्हा ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने बंगाल के लिए फंड रोक दिया, लेकिन ममता बनर्जी ने अपने प्रयासों से राज्य के लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी।
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने तुष्टिकरण के आरोपों को खारिज किया और कहा कि भाजपा खुद अपने वादों को पूरा करने में विफल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक ममता बनर्जी हैं, तब तक बंगाल में भाजपा सत्ता में नहीं आ पाएगी।
जामुड़िया में शत्रुघ्न सिन्हा का दावा “हरेराम सिंह की जीत तय, भाजपा और चुनाव आयोग पर साधा निशाना”
Reviewed by Bengal Media
on
March 22, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
March 22, 2026
Rating:

No comments: