Bengal Media

"Your Voice, Your News"

चुरुलिया में बवाल: OCP विवाद को लेकर तृणमूल पार्टी ऑफिस में तोड़फोड़, कई घायल

जामुड़िया: जामुड़िया थाना क्षेत्र के चुरुलिया में गुरुवार को ओसीपी (ओपन कास्ट प्रोजेक्ट) को लेकर भारी हंगामा और हिंसा की घटना सामने आई। आरोप है कि फकीर पाड़ा के कुछ उपद्रवियों ने पहले चुरुलिया माइंस का काम बंद करा दिया और इसके बाद चुरुलिया हाटतल्ला स्थित तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे और पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान पार्टी कार्यालय का झंडा उखाड़कर फेंक दिया गया तथा कई लोगों के घायल होने की खबर है। उपद्रवियों ने मौके पर खड़ी कई मोटरसाइकिलों और चार पहिया वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर चुरुलिया फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन उस समय भीड़ इतनी अधिक थी कि तत्काल हालात काबू में नहीं आ सके।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान ओसीपी के साइड इंचार्ज बिकाश दत्त वहां से गुजर रहे थे। भीड़ ने उन्हें देखकर उनकी पिटाई कर दी और उनकी गाड़ी में भी तोड़फोड़ की। स्थानीय लोगों का कहना है कि मारपीट में एक अंचल सभापति भी घायल हुए हैं।
चुरुलिया अंचल तृणमूल कांग्रेस के उपाध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने बताया कि उन्हें स्थानीय विधायक ने फोन कर सूचना दी कि कुछ लोग पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ कर रहे हैं। जानकारी लेने पर पता चला कि कुछ स्थानीय युवक पत्थरबाजी और तोड़फोड़ कर रहे थे।
दिनेश मिश्रा के अनुसार, स्थानीय निजी कंपनी से कुछ युवकों को अपेक्षित सुविधा नहीं मिलने के कारण वे गुस्से में थे और उसी के चलते उन्होंने यह घटना अंजाम दी। उन्होंने कहा कि संभवतः युवकों को लगा होगा कि स्थानीय तृणमूल नेतृत्व की वजह से उन्हें कंपनी से सुविधा नहीं मिल रही है, जबकि ऐसा नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस घटना का तृणमूल कांग्रेस से कोई संबंध नहीं है।
वहीं टीएमसी के ब्लॉक जनरल सेक्रेटरी शेख अजीजुल इस्लाम ने आरोप लगाया कि ओसीपी से जुड़े विवाद को लेकर सीपीआई(एम) और भाजपा के कुछ कार्यकर्ता अचानक तृणमूल पार्टी कार्यालय की ओर आए और लाठी-डंडों तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि जब वे युवकों को समझाने की कोशिश कर रहे थे तो उनकी भी पिटाई की गई और उनकी बाइक भी तोड़ दी गई।
उन्होंने बताया कि इस घटना में कई मोटरसाइकिलें और एक चार पहिया वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। उपद्रवियों ने प्रोजेक्ट मैनेजर बिकाश दत्त पर भी हमला करने की कोशिश की, हालांकि उनकी कोशिशों से उन्हें गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई।
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। तृणमूल नेताओं ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। फिलहाल घटना में शामिल युवक फरार बताए जा रहे हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
चुरुलिया में बवाल: OCP विवाद को लेकर तृणमूल पार्टी ऑफिस में तोड़फोड़, कई घायल चुरुलिया में बवाल: OCP विवाद को लेकर तृणमूल पार्टी ऑफिस में तोड़फोड़, कई घायल Reviewed by Bengal Media on March 12, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.