Bengal Media

"Your Voice, Your News"

रानीगंज में दिल दहला देने वाला हादसा: वैगनआर कार ने साइकिल सवार को 100 मीटर तक घसीटा, उग्र भीड़ ने चालक की कर दी पिटाई

रानीगंज: रानीगंज के सियारसोल राजबाड़ी मोड़ पर मंगलवार शाम एक भयावह सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार मारुति वैगनआर कार ने एक साइकिल सवार को टक्कर मारने के बाद करीब 100 मीटर तक सड़क पर घसीट दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए लोगों ने कार चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को भीड़ के चंगुल से बचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे एक वैगनआर कार रानीगंज बाजार से पंजाबी मोड़ की ओर तेज रफ्तार में जा रही थी। इसी दौरान सियारसोल राजबाड़ी मोड़ के पास लगभग 50 वर्षीय एक व्यक्ति साइकिल से सड़क पार कर रहा था, तभी कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
आरोप है कि हादसे के बाद चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय भागने की कोशिश की, जिससे घायल साइकिल सवार कार के नीचे फंस गया और करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। यह खौफनाक दृश्य देख स्थानीय लोग दौड़ पड़े और किसी तरह कार को रुकवाया।
कार रुकते ही उग्र भीड़ ने चालक को बाहर निकाल लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच कुछ लोगों और पुलिस की मदद से गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को कार के नीचे से बाहर निकाला गया और तत्काल रानीगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-14 पर लंबा जाम लग गया। लगभग एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। बाद में रानीगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और जाम हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि सियारसोल राजबाड़ी मोड़ समेत कई इलाकों में फुटपाथों पर अवैध अतिक्रमण हो चुका है, जिसके कारण पैदल यात्रियों को सड़क पर चलना पड़ता है। भारी वाहनों और अनियंत्रित ट्रैफिक के चलते यह इलाका लगातार दुर्घटना संभावित बनता जा रहा है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सियारसोल राजबाड़ी मोड़ को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और इलाके में ट्रैफिक व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।
रानीगंज में दिल दहला देने वाला हादसा: वैगनआर कार ने साइकिल सवार को 100 मीटर तक घसीटा, उग्र भीड़ ने चालक की कर दी पिटाई रानीगंज में दिल दहला देने वाला हादसा: वैगनआर कार ने साइकिल सवार को 100 मीटर तक घसीटा, उग्र भीड़ ने चालक की कर दी पिटाई Reviewed by Bengal Media on May 12, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.