रानीगंज : दृढ़ संकल्प और आस्था का अनोखा उदाहरण पेश करते हुए रानीगंज के हटिया तालाब निवासी 52 वर्षीय सब्जी विक्रेता रंजीत साव ने अयोध्या धाम के लिए अपनी पैदल यात्रा शुरू कर दी है। खास बात यह है कि रंजीत साव पिछले करीब 13 वर्षों से बिना जूते-चप्पल के जीवन बिता रहे हैं। अब उन्होंने प्रभु श्रीराम के दर्शन के उद्देश्य से लगभग 750 किलोमीटर लंबी पदयात्रा का संकल्प लिया है।
रंजीत साव ने बताया कि वर्ष 2013 में रानीगंज के सियारशोल मैदान में आयोजित एक राजनीतिक सभा के दौरान हिंदी भाषियों को लेकर की गई एक टिप्पणी से वे काफी आहत हुए थे। उसी समय उन्होंने यह प्रण लिया था कि जब तक पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार नहीं बनेगी, तब तक वे जूते-चप्पल नहीं पहनेंगे और अपनी दाढ़ी भी नहीं कटवाएंगे।
वर्ष 2026 के विधानसभा चुनाव के बाद राज्य की राजनीतिक तस्वीर बदलने और भाजपा सरकार बनने के बाद रंजीत साव ने अपने संकल्प को पूर्ण मानते हुए अब अयोध्या धाम जाकर भगवान रामलला के दर्शन करने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि वर्षों की तपस्या और प्रार्थना अब सफल हुई है और रामलला के दर्शन के बाद ही वे दोबारा जूते-चप्पल धारण करेंगे।
रानीगंज से अयोध्या तक की दूरी करीब 750 किलोमीटर बताई जा रही है। रंजीत साव प्रतिदिन लगभग 30 किलोमीटर पैदल चलने का लक्ष्य लेकर निकले हैं। यात्रा शुरू होने से पहले रानीगंज स्थित बजरंग बली मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता रवि केशरी, मोनू वर्मा, शंकर कुमार तथा मंदिर के पुजारी विद्या भूषण पाठक समेत कई स्थानीय लोगों ने उन्हें माला पहनाकर और तिलक लगाकर शुभकामनाएं दीं।
रंजीत साव ने कहा कि यह केवल राजनीतिक विचारधारा का विषय नहीं, बल्कि स्वाभिमान, विश्वास और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि रामलला के चरणों में शीश झुकाने के बाद ही उनका यह वर्षों पुराना संकल्प पूर्ण माना जाएगा।
स्थानीय लोगों के बीच भी रंजीत साव की इस यात्रा को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि उनकी यह पदयात्रा आस्था, धैर्य और प्रतिबद्धता का अनोखा उदाहरण है, जिसने पूरे रानीगंज का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।
13 वर्षों तक नंगे पांव रहे रानीगंज के रंजीत साव, अब अयोध्या धाम के लिए निकले पैदल यात्रा पर
Reviewed by Bengal Media
on
May 12, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
May 12, 2026
Rating:

No comments: