Bengal Media

"Your Voice, Your News"

आसनसोल के हट्टन रोड से इस्माइल मोड़ में अतिक्रमणकारियों पर चलेगा बुलडोजर! नगर निगम ने दिया 15 दिन में हटने का अल्टीमेटम

आसनसोल- आसनसोल नगर निगम ने शहर में सरकारी जमीन पर बढ़ते अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए आसनसोल के हट्टन रोड मोड़ से इस्माइल मोड़ तक अवैध कब्जा हटाने के लिए कब्जाधारियों को 15 दिनों का अंतिम समय दिया है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित समयसीमा समाप्त होने के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन, अनुरोध या अतिरिक्त मोहलत स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके बाद प्रशासन द्वारा सीधे ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, 14 मई 2026 को संबंधित कब्जाधारियों ने निगम प्रशासन से 16 मई 2026 को प्रस्तावित ध्वस्तीकरण अभियान को कुछ दिनों के लिए स्थगित करने की अपील की थी। कब्जाधारियों का कहना था कि उन्हें स्वयं अपने अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया जाए। इस पर विचार करते हुए आसनसोल नगर निगम ने मानवीय आधार पर 15 दिनों की मोहलत प्रदान कर दी। हालांकि निगम प्रशासन ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यह अंतिम अवसर है। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद सक्षम अधिकारी मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र का निरीक्षण और सत्यापन करेंगे। यदि किसी भी स्थान पर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा या निर्माण पाया गया, तो बिना किसी अतिरिक्त सूचना के तत्काल ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया है कि कार्रवाई के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी प्रकार की स्थिति, नुकसान या परिणाम के लिए संबंधित कब्जाधारी स्वयं जिम्मेदार होंगे। प्रशासन का कहना है कि शहर में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा के लिए कठोर कदम उठाए जाएंगे। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का मानना है कि लंबे समय से सरकारी जमीन पर हो रहे अवैध कब्जों के खिलाफ निगम की यह पहल शहर के सुचारु विकास और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
आसनसोल के हट्टन रोड से इस्माइल मोड़ में अतिक्रमणकारियों पर चलेगा बुलडोजर! नगर निगम ने दिया 15 दिन में हटने का अल्टीमेटम आसनसोल के हट्टन रोड से इस्माइल मोड़ में अतिक्रमणकारियों पर चलेगा बुलडोजर! नगर निगम ने दिया 15 दिन में हटने का अल्टीमेटम Reviewed by Bengal Media on May 15, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.