Bengal Media

"Your Voice, Your News"

मंत्री पद की शपथ के बाद पहली बार क्षेत्र में पहुंचीं अग्निमित्रा पॉल,भाजपा समर्थकों ने फूल-मालाओं से किया स्वागत

रानीगंज- पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुक्रवार को पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र आसनसोल दक्षिण पहुंचीं मंत्री एवं विधायक अग्निमित्रा पॉल का भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। 
कोलकाता विधानसभा से दुर्गापुर होते हुए आसनसोल लौटने के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के विभिन्न इलाकों में जगह-जगह उनका अभिनंदन किया गया। सड़क किनारे घंटों इंतजार कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं, नारों और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। 
दुर्गापुर से आसनसोल की ओर जाते समय मंत्री अग्निमित्रा पॉल कई बस स्टैंड और प्रमुख स्थानों पर रुकीं तथा समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया। विशेष रूप से रानीगंज थाना अंतर्गत वक्तानगर इलाके में भारी भीड़ देखने को मिली। 
इस मौके पर जयदेव खा,बादशाह चटर्जी,
उज्जवल माजी,अमिताव घोषल,बिस्वाजीत मुख़र्जी,संजय राऊत,समेत बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष भाजपा कार्यकर्ता फूल-मालाओं के साथ मौजूद थे। 
स्वागत के दौरान कई समर्थक ढोल-नगाड़ों और नृत्य के माध्यम से अपनी खुशी व्यक्त करते नजर आए। पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि मंत्री बनने के बाद अपने विधानसभा क्षेत्र में लौटकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि आसनसोल दक्षिण के भाजपा कार्यकर्ता और आम जनता हमेशा उनके साथ खड़े रहे हैं। चुनाव के दौरान जनता से किए गए सभी वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले कई कार्य चाहकर भी नहीं कर पाईं, लेकिन अब मंत्री बनने के बाद क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें अधिक अवसर मिलेगा।
उन्होंने तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मुद्दे पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो लोग अभी भी घर से बाहर हैं, उन्हें वापस लाने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि वर्ष 2021 में भाजपा कार्यकर्ताओं पर कथित अत्याचार और हिंसा के मामलों में जिन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई जारी रहेगी। मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने अवैध बालू और कोयला कारोबार को लेकर भी कड़ा रुख अपनाने का संकेत दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से दामोदर नदी से अवैध बालू खनन और कोयले के अवैध कारोबार का नेटवर्क सक्रिय था। अब प्रशासन इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में अब भ्रष्टाचार नहीं बल्कि विकास को प्राथमिकता दी जाएगी और किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने वक्तानगर क्षेत्र के निजी कारखानों से फैल रहे प्रदूषण के मुद्दे को भी गंभीर बताते हुए कहा कि पहले भी उद्योगों को काले धुएं के उत्सर्जन पर नियंत्रण रखने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन कई कारखानों ने नियमों का पालन नहीं किया। इसके कारण स्थानीय लोग विभिन्न बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब किसी भी स्थिति में प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों को छूट नहीं दी जाएगी और पर्यावरण संरक्षण को लेकर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
मंत्री पद की शपथ के बाद पहली बार क्षेत्र में पहुंचीं अग्निमित्रा पॉल,भाजपा समर्थकों ने फूल-मालाओं से किया स्वागत मंत्री पद की शपथ के बाद पहली बार क्षेत्र में पहुंचीं अग्निमित्रा पॉल,भाजपा समर्थकों ने फूल-मालाओं से किया स्वागत Reviewed by Bengal Media on May 15, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.