रानीगंज के ऐतिहासिक राजाबांध तालाब पर चला प्रशासन का बुलडोजर मूड, विधायक पार्थो घोष ने दी सख्त चेतावनी
रानीगंज : रानीगंज के ऐतिहासिक और प्रसिद्ध राजाबांध तालाब को बचाने के लिए अब प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। सोमवार को रानीगंज के विधायक पार्थो घोष ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ तालाब का औचक निरीक्षण किया और साफ शब्दों में कहा कि तालाब की एक इंच जमीन पर भी अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विधायक के अचानक निरीक्षण से इलाके में हलचल मच गई। इस दौरान रानीगंज BLRO (भूमि सुधार अधिकारी), रानीगंज थाना प्रभारी सुबीर कर्मकार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। लगभग 121 बीघा में फैले इस विशाल तालाब की वर्तमान स्थिति देखकर विधायक ने गहरी नाराजगी और चिंता जताई।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक पार्थो घोष ने कहा कि राजाबांध तालाब केवल एक जलाशय नहीं, बल्कि रानीगंज की ऐतिहासिक धरोहर है। उन्होंने कहा कि एक समय यहां भव्य छठ पूजा और कई धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होते थे। लोग इस तालाब के पानी का उपयोग पीने तक के लिए करते थे। इतना ही नहीं, यहां बड़े पैमाने पर मछली पालन होने के कारण रानीगंज के बाजारों में मछली के दाम तक कम हो जाया करते थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों की अनदेखी और अवैध कब्जों ने इस ऐतिहासिक तालाब की स्थिति को बदहाल कर दिया है। विधायक ने कहा कि अब इसे किसी भी कीमत पर बचाया जाएगा।
विधायक ने तालाब के किनारे और जमीन पर अवैध निर्माण करने वालों को कड़ा अल्टीमेटम देते हुए कहा कि जल्द ही प्रशासन द्वारा पूरे 121 बीघा तालाब की पैमाइश कराई जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जिन लोगों ने तालाब की जमीन या उसके पाड़ पर अवैध निर्माण कर रखा है, वे खुद ही उसे हटा लें, अन्यथा प्रशासन कानूनी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाएगा।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मापी के बाद जो भी हिस्सा अवैध कब्जे में पाया जाएगा, वहां प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
विधायक के इस सख्त रुख के बाद तालाब के आसपास अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि प्रशासन इसी तरह सक्रिय रहा तो जल्द ही राजाबांध तालाब को उसका पुराना गौरव और अस्तित्व वापस मिल सकता है।
रानीगंज के ऐतिहासिक राजाबांध तालाब पर चला प्रशासन का बुलडोजर मूड, विधायक पार्थो घोष ने दी सख्त चेतावनी
Reviewed by Bengal Media
on
May 25, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
May 25, 2026
Rating:

No comments: