रानीगंज: पेट्रोल, डीजल तथा रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में रविवार को रानीगंज कोयलांचल क्षेत्र में एक विरोध मार्च निकाला गया। वामपंथी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बढ़ी हुई कीमतों को वापस लेने की मांग करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।
रविवार शाम पोस्ट ऑफिस मैदान से शुरू हुआ यह मार्च एनएसबी रोड, सीआर रोड और बड़ा बाजार होते हुए नेताजी मूर्ति के समक्ष जाकर समाप्त हुआ। हाथों में लाल झंडे लिए प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पेट्रोल-डीजल की मूल्यवृद्धि वापस लेने की मांग की।
मार्च का नेतृत्व पार्टी नेता सु्प्रियो राय,पूर्व विधायक रुनु दत्ता सहित अन्य नेताओं ने किया। मार्च समाप्त होने के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए हेमंत प्रभाकर, गौरव धल्ला समेत अन्य वक्ताओं ने कहा कि चुनावी वादों के अनुरूप पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी की जानी चाहिए।
नेताओं ने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर आम जनता पर पड़ता है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से माल ढुलाई की लागत बढ़ जाती है, जिसके कारण बाजार में खाद्य सामग्री, दवाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम भी बढ़ जाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम लोगों पर लगातार महंगाई का बोझ बढ़ता जा रहा है।
वक्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार ने मूल्यवृद्धि वापस नहीं ली और जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया, तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में रानीगंज कोयलांचल में निकला विरोध मार्च
Reviewed by Bengal Media
on
May 31, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
May 31, 2026
Rating:

No comments: