चपुई खास कोलियरी में ईसीएल की कार्रवाई से हड़कंप, नोटिस चस्पा होने पर बढ़ा तनाव; 15 दिन में क्वार्टर खाली करने का निर्देश
जामुड़िया: चपुई खास कोलियरी क्षेत्र में ईसीएल प्रबंधन द्वारा कथित अवैध कब्जे वाले क्वार्टर को खाली कराने की कार्रवाई के दौरान बुधवार को तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। ईसीएल अधिकारियों, पुलिस प्रशासन और केंद्रीय बल की मौजूदगी में संबंधित क्वार्टर पर नोटिस चस्पा किया गया और 15 दिनों के भीतर परिसर खाली करने का निर्देश दिया गया।
कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों के बीच यह अफवाह फैल गई कि पूरे इलाके के मकानों को तोड़ा जाएगा। इसके बाद क्षेत्र में भ्रम और तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, मानवाधिकार कार्यकर्ता रेखा भट्टाचार्य की पहल पर ईसीएल के सातग्राम-श्रीपुर एरिया के महाप्रबंधक तथा ईसीएल के उच्च अधिकारियों के साथ बातचीत हुई, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल बेदखली की बजाय 15 दिनों का समय देने का फैसला किया। इसके बाद संबंधित क्वार्टर पर नोटिस लगा दिया गया।
इस दौरान स्थानीय लोगों ने ईसीएल अधिकारियों से क्षेत्र के कम्युनिटी हॉल और मैरेज हॉल के एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) को लेकर भी सवाल उठाए। बताया गया कि इस संबंध में आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
स्थानीय निवासी संतोष नोनिया ने क्षेत्र में लंबे समय से विभिन्न अवैध गतिविधियों के संचालन के आरोप लगाए और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि इलाके के लोगों को कानून के अनुसार न्याय मिलना चाहिए।
वहीं जामुड़िया के भाजपा विधायक डॉ बिजन मुख़र्जी ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और जो भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले पर प्रशासन की नजर बनी हुई है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
चपुई खास कोलियरी में ईसीएल की कार्रवाई से हड़कंप, नोटिस चस्पा होने पर बढ़ा तनाव; 15 दिन में क्वार्टर खाली करने का निर्देश
Reviewed by Bengal Media
on
June 03, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
June 03, 2026
Rating:

No comments: