आसनसोल: शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने ‘स्वच्छा’ नामक एक नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। इस ऐप के माध्यम से अब आम नागरिक अपने आसपास जमा कचरे, गंदगी या सफाई संबंधी समस्याओं की शिकायत सीधे नगर निकायों तक पहुंचा सकेंगे।
फिलहाल इस व्यवस्था को राज्य के 10 नगर निकायों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू किया गया है। नागरिक अपने मोबाइल फोन से गंदगी या कचरे की तस्वीर लेकर ऐप पर अपलोड करेंगे, जिसके बाद संबंधित नगर निकाय की क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) तुरंत कार्रवाई करेगी।
नगर निकायों की ओर से विशेष क्यूआरटी टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में चार सफाईकर्मी, एक चालक और एक सहायक कर्मी शामिल होंगे। हर 10 वार्डों पर एक टीम की तैनाती की गई है ताकि शिकायतों का तेजी से निपटारा किया जा सके।
सरकार का दावा है कि शिकायत दर्ज होने के दो घंटे के भीतर सफाई कार्य पूरा कर लिया जाएगा। कार्रवाई के बाद संबंधित टीम सफाई की तस्वीर दोबारा ऐप पर अपलोड करेगी और शिकायतकर्ता को भी इसकी जानकारी दी जाएगी।
महत्वपूर्ण बात यह है कि शिकायत दर्ज करने का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। यदि दो घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं होती है तो इसकी सूचना स्वतः नोडल अधिकारी और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंच जाएगी। वहीं 24 घंटे तक शिकायत लंबित रहने पर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।
राज्य सरकार का मानना है कि तकनीक और जनभागीदारी के माध्यम से शहरों को अधिक स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है। सरकार ने संकेत दिया है कि पायलट प्रोजेक्ट सफल होने पर ‘स्वच्छा’ ऐप की सुविधा राज्य के सभी नगर निकायों में चरणबद्ध तरीके से लागू की जाएगी।
अब मोबाइल से करें गंदगी की शिकायत, 2 घंटे में होगी सफाई; राज्य सरकार ने लॉन्च किया ‘स्वच्छा’ ऐप
Reviewed by Bengal Media
on
June 03, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
June 03, 2026
Rating:

No comments: