गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर रानीगंज में सेवा का अनूठा संगम, हजारों लोगों ने ग्रहण किया लंगर व छबील प्रसाद
![]() |
| रानीगंज थाना के इंस्पेक्टर सुबीर कर्मकार ने राहगीरों को पिलाया शरबत, सिख समाज की मानव सेवा भावना की सराहना |
रानीगंज: सिखों के पांचवें गुरु एवं शहीदों के सरताज श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज के शहीदी दिवस के अवसर पर रानीगंज गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से बुधवार को स्कूल मोड़ क्षेत्र में विशाल लंगर एवं छबील प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए राहगीरों और आम लोगों के लिए ठंडे मीठे शरबत की छबील लगाई गई, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने शरबत ग्रहण कर राहत महसूस की।
इस अवसर पर हजारों लोगों के बीच रोटी-सब्जी का लंगर भी वितरित किया गया। कार्यक्रम में सभी धर्मों और समुदायों के लोगों ने भाग लेकर गुरु घर की सेवा और मानवता के संदेश को आत्मसात किया।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सचिव सरदार रविंद्र सिंह ने कहा कि यह आयोजन श्री गुरु अर्जन देव जी महाराज की शहादत की स्मृति में किया गया है। उन्होंने कहा कि गुरु जी ने मानवता, सेवा, त्याग, नम्रता और समानता का जो संदेश दिया था, वह आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान हरजीत सिंह बग्गा ने बताया कि भीषण गर्मी में लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से ठंडे मीठे पानी की छबील लगाई गई है। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जन देव जी महाराज को जेठ माह की प्रचंड गर्मी में लाहौर में गर्म तवे पर बैठाकर शहीद किया गया था। उनकी शहादत धर्म, सत्य और मानवता के प्रति अटूट समर्पण की अमर मिसाल है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रानीगंज थाना के इंस्पेक्टर सुबीर कर्मकार ने भी राहगीरों को अपने हाथों से शरबत पिलाया तथा सिख समाज द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में भाईचारा, सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।
पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ देखी गई। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने सेवा कार्यों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
गुरु अर्जन देव जी के शहीदी दिवस पर रानीगंज में सेवा का अनूठा संगम, हजारों लोगों ने ग्रहण किया लंगर व छबील प्रसाद
Reviewed by Bengal Media
on
June 03, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
June 03, 2026
Rating:

No comments: