बंकोला: पश्चिम बर्दवान जिले के अंडाल थाना क्षेत्र के बंकोला इलाके में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब पांडवेश्वर के पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के आवास से सटे एक गोदाम से कथित तौर पर भारी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री बरामद किए जाने का मामला सामने आया।
स्थानीय लोगों, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने आरोप लगाया कि गोदाम में लंबे समय से सरकारी योजनाओं के तहत वितरित किए जाने वाले सामान को जमा कर रखा गया था। आक्रोशित भीड़ ने गोदाम का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां बड़ी मात्रा में साड़ियां, कपड़े, मच्छरदानियां तथा सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए निर्धारित यूनिफॉर्म समेत अन्य सामग्री रखी हुई मिली। मौके से कथित तौर पर कंडोम के पैकेट भी बरामद होने का दावा किया गया।
घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में भारी तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अंडाल पुलिस तथा केंद्रीय बल के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को अपने नियंत्रण में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय निवासी जिया उल शेख ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती और चरित्र पासवान मिलकर इस गोदाम में सरकारी राहत सामग्री जमा करके रखते थे। उनका दावा है कि गरीबों और जरूरतमंदों के लिए आने वाली सामग्री तथा छात्रों के लिए भेजी जाने वाली स्कूल यूनिफॉर्म भी यहां रखी जाती थी और बाद में उन्हें बेच दिया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस वजह से आम लोगों को सरकारी सुविधाओं से वंचित होना पड़ता था।
वहीं, भाजपा नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोप सही साबित होते हैं तो यह सरकारी योजनाओं और गरीबों के अधिकारों के साथ गंभीर खिलवाड़ है।
हालांकि, इस मामले में लगाए गए आरोपों पर पांडवेश्वर के पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती अथवा तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
पूर्व विधायक के आवास से सटे गोदाम में सरकारी राहत सामग्री मिलने का आरोप, इलाके में हंगामा
Reviewed by Bengal Media
on
June 05, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
June 05, 2026
Rating:

No comments: