रानीगंज: रानीगंज ट्रैफिक गार्ड के तत्वावधान में पंजाबी मोड़ क्षेत्र में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जनकल्याण फाउंडेशन के सहयोग से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में आसनसोल ट्रैफिक विभाग के टी.आई. राणा अंबिका दत्ता तथा रानीगंज ट्रैफिक गार्ड के प्रभारी सतीनाथ सिल उपस्थित रहे। इस दौरान आम लोगों को सड़क दुर्घटनाओं के दुष्परिणामों से अवगत कराने के लिए एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें सुरक्षित वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण "यमराज" की भूमिका रही। यमराज का रूप धारण किए कलाकार ने प्रतीकात्मक अंदाज में लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने विशेष रूप से बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे चालकों से संवाद कर उन्हें हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी।
ट्रैफिक अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जनजागरूकता बेहद जरूरी है। इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
इस अनूठे जागरूकता अभियान को स्थानीय लोगों ने सराहा और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है तथा अनमोल जीवन की रक्षा की जा सकती है।
यमराज बने सड़क सुरक्षा के दूत, रानीगंज में अनोखे अंदाज में चला जागरूकता अभियान
Reviewed by Bengal Media
on
June 22, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
June 22, 2026
Rating:

No comments: