जामुड़िया: ईसीएल द्वारा बिजली आपूर्ति बंद करने संबंधी नोटिस जारी किए जाने के विरोध में शुक्रवार को जामुड़िया के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में भारी जनाक्रोश देखने को मिला। वर्षों से ईसीएल की बिजली सेवा पर निर्भर स्थानीय निवासियों ने कुनुस्तोड़िया मोड़ स्थित ईसीएल के जीएम कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। बिजली कनेक्शन काटने के फैसले को वापस लेने की मांग को लेकर सुबह से ही बड़ी संख्या में महिला और पुरुष कार्यालय के सामने एकत्र होने लगे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जामुड़िया थाना की केंदा फांड़ी पुलिस तथा केंद्रीय सुरक्षा बल सीआईएसएफ को तैनात किया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाल ही में ईसीएल की ओर से एक नोटिस जारी कर बताया गया है कि ईसीएल क्षेत्र में कंपनी द्वारा प्रदान की जा रही बिजली आपूर्ति को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जाएगा। इस घोषणा के बाद इलाके के लोगों में चिंता और असंतोष फैल गया है। उनका कहना है कि वे वर्षों से इस सेवा का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था किए बिना बिजली काटने की तैयारी की जा रही है।
प्रदर्शन में शामिल स्थानीय निवासी अरुण कुमार प्रसाद ने कहा कि ईसीएल गरीब लोगों को निशाना बना रही है, जबकि प्रभावशाली लोग अब भी ईसीएल क्वार्टरों में रह रहे हैं और कई निजी उद्योगों द्वारा ईसीएल की जमीन पर कथित कब्जा भी किया गया है। इसके बावजूद कार्रवाई केवल आम लोगों के खिलाफ की जा रही है।
जिला महिला मोर्चा की नेतृी सीमा सिंह ने कहा कि कुनुस्तोरिया कोलियरी प्रबंधन गरीब परिवारों को अनावश्यक रूप से परेशान कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में करीब एक हजार लोग निवास करते हैं और उनकी रोजमर्रा की जिंदगी बिजली सेवा से सीधे जुड़ी हुई है। ऐसे में बिना समाधान के बिजली काटना उचित नहीं होगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि प्रदर्शनकारियों और ईसीएल अधिकारियों के बीच बातचीत हुई, जिसमें अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि फिलहाल किसी का बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। हालांकि भविष्य को लेकर लोगों की चिंता अभी भी बनी हुई है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने नारेबाजी, धरना और विरोध कार्यक्रम के माध्यम से अपना रोष व्यक्त किया। आंदोलन को समर्थन देने के लिए भाजपा नेता सुनील नोनिया, राकेश गिरी, अजीत राम, उत्तम बाउरी सहित कई स्थानीय नेता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हालांकि पूरे मामले पर ईसीएल के किसी वरिष्ठ अधिकारी ने मीडिया के सामने आधिकारिक बयान देने से इनकार कर दिया। ऐसे में बिजली विच्छेदन नोटिस के भविष्य को लेकर अटकलों का दौर जारी है।
फिलहाल ईसीएल के आश्वासन के बाद स्थिति सामान्य हो गई है, लेकिन कुनुस्तोड़िया के हजारों लोगों के सिर पर बिजली संकट और भविष्य की अनिश्चितता का खतरा अब भी मंडरा रहा है।
ईसीएल के बिजली विच्छेदन नोटिस से मचा हड़कंप, कुनुस्तोड़िया में महिलाओं समेत हजारों लोगों का प्रदर्शन
Reviewed by Bengal Media
on
June 05, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
June 05, 2026
Rating:

No comments: