जामुड़िया में हड़कंप: पूर्व विधायक हरेराम सिंह के पार्टी कार्यालय से भारी मात्रा में राहत सामग्री बरामद, पुलिस जांच में जुटी
जामुड़िया: जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक हरेराम सिंह के पार्टी कार्यालय से बड़ी मात्रा में कथित सरकारी राहत सामग्री बरामद होने की खबर सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुटने लगी और राजनीतिक माहौल गर्म हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यालय की तलाशी शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की जांच जारी थी तथा बरामद सामग्री के स्रोत और उपयोग को लेकर पड़ताल की जा रही थी।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राणा बनर्जी ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक के कार्यालय से जो सामग्री बरामद हुई है, वह सरकारी राहत सामग्री है, जिसे आम जनता के टैक्स के पैसे से जरूरतमंद लोगों के लिए खरीदा गया था। उन्होंने कहा कि कंबल, साड़ियां, तिरपाल समेत अन्य राहत सामग्री जनता के बीच वितरित किए जाने के लिए लाई गई थी, लेकिन उन्हें कार्यालय में जमा करके रखा गया।
राणा बनर्जी ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने यह भी दावा किया कि यदि जांच का दायरा बढ़ाया जाए तो अन्य स्थानों से भी इस तरह की सामग्री बरामद हो सकती है।
वहीं भाजपा के जामुड़िया मंडल-4 के उपाध्यक्ष देवाशीष मंडल ने कहा कि पूर्व विधायक के कार्यालय से बड़ी मात्रा में राहत सामग्री मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। उनके अनुसार, तलाशी के दौरान साड़ी, तिरपाल, लुंगी, गमछा और कंबल जैसी सामग्री बरामद हुई है।
घटना के बाद पूरे जामुड़िया क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पूर्व विधायक हरेराम सिंह अथवा तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद ही बरामद सामग्री तथा उससे जुड़े तथ्यों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जामुड़िया में हड़कंप: पूर्व विधायक हरेराम सिंह के पार्टी कार्यालय से भारी मात्रा में राहत सामग्री बरामद, पुलिस जांच में जुटी
Reviewed by Bengal Media
on
June 05, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
June 05, 2026
Rating:

No comments: