महज 2 साल 8 माह की उम्र में कमाल! पांडवेश्वर के नन्हे सृजन कुंडू का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स-2026 में दर्ज
पांडवेश्वर: पश्चिम बर्धमान जिले के पांडवेश्वर क्षेत्र के हरिपुर गांव के नन्हे सृजन कुंडू ने अपनी असाधारण प्रतिभा से पूरे जिले और राज्य का नाम रोशन कर दिया है। मात्र 2 वर्ष 8 माह की उम्र में सृजन ने अपनी अद्भुत स्मरण शक्ति के दम पर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स-2026 में जगह बनाकर नया राष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किया है।
इतनी कम उम्र में सृजन हिंदी, बंगला और अंग्रेजी में सप्ताह के सातों दिन और वर्ष के बारह महीनों के नाम आसानी से सुना लेता है। इसके अलावा वह 37 देशों के राष्ट्रीय ध्वज, 14 स्वतंत्रता सेनानियों, 18 देवी-देवताओं के वाहन, 8 राष्ट्रीय प्रतीक, शरीर के 20 अंग, 15 पशु, 15 सब्जियां, 6 कीट, 6 सरीसृप, 12 धार्मिक मंत्र और पूरी हनुमान चालीसा बिना रुके सुनाने की क्षमता रखता है। उसकी इस विलक्षण प्रतिभा ने सभी को हैरान कर दिया है।
सृजन के पिता सुखेन कुंडू, जो पेशे से सिविक वॉलंटियर हैं, और माता रिम्पा कुंडू, जो गृहिणी हैं, ने बचपन से ही खेल-खेल में उसे नई-नई जानकारियां देना शुरू किया। उन्होंने जल्द ही महसूस किया कि सृजन किसी भी जानकारी को एक-दो बार सुनने या देखने के बाद तुरंत याद कर लेता है और बिना गलती के दोहरा देता है।
माता रिम्पा कुंडू ने बताया कि सृजन ने बहुत कम समय में पूरी हनुमान चालीसा कंठस्थ कर ली। बेटे की असाधारण प्रतिभा को देखते हुए परिवार ने उसके वीडियो इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के अधिकारियों को भेजे। वीडियो का मूल्यांकन करने के बाद निर्णायक मंडल उसकी स्मरण शक्ति, आत्मविश्वास और प्रस्तुति से प्रभावित हुआ और सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सृजन का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स-2026 में दर्ज कर लिया गया।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद हरिपुर गांव समेत पूरे पश्चिम बर्धमान में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया है। वहीं, सृजन के माता-पिता का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल बेटे को सफल बनाना नहीं, बल्कि उसे एक संस्कारी, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाना है, जो भविष्य में देश का नाम रोशन करे।
महज 2 वर्ष 8 माह की उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर रिकॉर्ड बनाकर सृजन कुंडू ने यह साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन, परिवार का प्रोत्साहन और सकारात्मक माहौल मिलने पर बच्चे छोटी उम्र में भी बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं।
महज 2 साल 8 माह की उम्र में कमाल! पांडवेश्वर के नन्हे सृजन कुंडू का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स-2026 में दर्ज
Reviewed by Bengal Media
on
July 09, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
July 09, 2026
Rating:

No comments: