Bengal Media

"Your Voice, Your News"

रानीगंज में भारत विकास परिषद ने 50 विधवा महिलाओं को बांटे राशन और छाता , सेवा कार्यों को मिलेगा निरंतर विस्तार

रानीगंज- भारत विकास परिषद, रानीगंज शाखा की ओर से सोमवार को कुमार बाजार स्थित स्वामी विवेकानंद सेवा केंद्र आश्रम में सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 50 विधवा महिलाओं को एक माह का राशन उपलब्ध कराया गया। साथ ही बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए सभी महिलाओं को एक-एक छाता भी वितरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आसनसोल रामकृष्ण मिशन के स्वामी सौमात्मानंदजी महाराज उपस्थित रहे। उन्होंने भारत विकास परिषद द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्गों की सहायता करना सबसे बड़ा मानव धर्म है। 
उन्होंने इस प्रकार के जनकल्याणकारी प्रयासों को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि समाज के सक्षम लोगों और संस्थाओं को आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद सेवा केंद्र आश्रम के स्वामी शुभ्रतोंनंदजी महाराज, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष तुषार कांति बनर्जी, रानीगंज के संयोजक दिनेश सोनी, पूर्व मंडल अध्यक्ष देबजीत खा, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष प्रदीप बाजोरिया, सचिव दीपक जालान, कोषाध्यक्ष गोपाल खेरिया, सलाहकार प्रदीप सराफ, अरुणमय कुंडु, सौरभ गौरीसरिया, रोहित लोसलका, कृष्णा तोदी, बलराम राय, सोनू बर्णवाल सहित भारत विकास परिषद के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इस मोके पर भारत विकास परिषद के अध्यक्ष प्रदीप बाजोरिया ने कहा कि भारत विकास परिषद पिछले दो दशकों से अधिक समय से विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि आज विधवा महिलाओं को राशन और छाते वितरित करने का उद्देश्य उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करना और बरसात के मौसम में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि परिषद की कोशिश है कि इस तरह का राशन वितरण कार्यक्रम प्रत्येक माह नियमित रूप से आयोजित किया जाए, ताकि जरूरतमंद महिलाओं को निरंतर सहायता मिलती रहे। प्रदीप बाजोरिया ने बताया कि भारत विकास परिषद समय-समय पर विद्यार्थियों के बीच कॉपी-किताबों का वितरण, स्वास्थ्य शिविर, दवा वितरण सहित अनेक सामाजिक कार्यों का संचालन करती रही है, जिनमें परिषद के सभी सदस्य उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि स्वामी विवेकानंद सेवा केंद्र में भारत विकास परिषद की ओर से नियमित रूप से निःशुल्क स्वास्थ्य केंद्र संचालित किया जाता है। यहां विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराते हैं तथा जरूरतमंदों को मुफ्त दवाएं भी वितरित की जाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने भारत विकास परिषद के इस प्रयास के प्रति आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने भी ऐसे सेवा कार्यों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी इन्हें निरंतर जारी रखने की अपेक्षा जताई।

रानीगंज में भारत विकास परिषद ने 50 विधवा महिलाओं को बांटे राशन और छाता , सेवा कार्यों को मिलेगा निरंतर विस्तार रानीगंज में भारत विकास परिषद ने 50 विधवा महिलाओं को बांटे राशन और छाता , सेवा कार्यों को मिलेगा निरंतर विस्तार Reviewed by Bengal Media on July 13, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.