कुआर्डी में हजारों ग्रामीणों का उग्र विरोध, रश्मि प्रबंधन से वार्ता; पुनर्वास और बिजली बहाली की उठी मांग
रानीगंज- पश्चिम बर्धमान के रानीगंज क्षेत्र स्थित कुमारडीहा-3 में शुक्रवार को कुआर्डी ग्राम बचाओ समिति के बैनर तले हजारों ग्रामीणों ने विशाल जनसभा और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का केंद्र बिंदु कुआर्डी कोलियरी क्षेत्र में कथित रूप से आवासीय क्वार्टर खाली कराने और बिजली आपूर्ति बंद किए जाने का मुद्दा रहा। ग्रामीणों ने इन कार्रवाइयों पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन और रश्मि प्रबंधन से तत्काल समाधान की मांग की।
जनसभा में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी औद्योगिक या विकास परियोजना को लागू करने से पहले प्रभावित लोगों के पुनर्वास, आवास, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों से बिना संवाद किए किसी भी प्रकार की कार्रवाई उचित नहीं है। ग्रामीणों से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगों को उठाने की अपील भी की गई।
सभा के बाद हजारों ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण रैली निकालकर रश्मि समूह के कार्यालय का रुख किया। वहां प्रतिनिधिमंडल ने कंपनी के अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी मांगों को विस्तार से रखा। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि किसी भी परिवार पर दबाव या भय का माहौल न बनाया जाए और भविष्य में सभी निर्णय स्थानीय लोगों के साथ बातचीत कर लिए जाएं।
रश्मि समूह की ओर से महाप्रबंधक उपेंद्र कुमार सिंह तथा अधिकारी द्विवेदी ने प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की और ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई, हालांकि किसी अंतिम निर्णय की घोषणा नहीं की गई।
इस आंदोलन में समिति के अध्यक्ष राजेश बाऊरी, सचिव संजीत मोदी, कोषाध्यक्ष रामकृष्ण बाऊरी सहित कई स्थानीय लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने दोहराया कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, बल्कि चाहते हैं कि विकास के साथ स्थानीय लोगों के अधिकार, पुनर्वास और मूलभूत सुविधाओं की भी पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रशासन और कंपनी प्रबंधन से संवाद के माध्यम से जल्द स्थायी समाधान निकालने की अपील की।
कुआर्डी में हजारों ग्रामीणों का उग्र विरोध, रश्मि प्रबंधन से वार्ता; पुनर्वास और बिजली बहाली की उठी मांग
Reviewed by Bengal Media
on
July 10, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
July 10, 2026
Rating:

No comments: