जमुड़िया: ईसीएल (ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) के बेलबाद कोलियरी क्षेत्र में सिंगारन नदी की धारा को वैज्ञानिक तरीके से कृत्रिम रूप से मोड़ने की प्रस्तावित योजना को लेकर जमुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने सोमवार को मौके पर पहुंचकर जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ ज्वायंट बीडीओ, ईसीएल के इंजीनियर तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान विधायक ने अधिकारियों से पूरी परियोजना की जानकारी ली और इस बात पर विस्तृत चर्चा की कि किस प्रकार नदी की प्राकृतिक संरचना को न्यूनतम प्रभावित करते हुए उसकी धारा को सुरक्षित तरीके से परिवर्तित किया जा सकता है।
डॉ. बिजन मुखर्जी ने बताया कि बेलबाद क्षेत्र में ओपन कास्ट प्रोजेक्ट (ओसीपी) होने के कारण यदि सिंगारन नदी का रुख नहीं बदला गया, तो भविष्य में नदी का पानी खदान में प्रवेश कर सकता है। इससे खदान में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न होने की आशंका है।
उन्होंने कहा कि ईसीएल के इंजीनियर पूरी प्रक्रिया को अत्यंत वैज्ञानिक और तकनीकी मानकों के अनुसार अंजाम दे रहे हैं, ताकि न तो नदी के प्राकृतिक प्रवाह को अनावश्यक नुकसान पहुंचे और न ही खदान में जलभराव की स्थिति बने।
विधायक ने यह भी बताया कि इस परियोजना को मंजूरी तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही दी गई थी और अब उस योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा नदी का रुख बदलना सामान्य परिस्थिति में उचित नहीं माना जाता, लेकिन जब जनहित, श्रमिकों की सुरक्षा और तकनीकी आवश्यकता सामने हो, तब वैज्ञानिक तरीके से यह कार्य किया जा सकता है। मुझे विश्वास है कि ईसीएल के विशेषज्ञ इस परियोजना को इस तरह पूरा करेंगे जिससे नदी को कोई नुकसान नहीं होगा और खदान में पानी घुसने का खतरा भी पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।
फिलहाल परियोजना को लेकर प्रशासन और ईसीएल के अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। आने वाले दिनों में तकनीकी प्रक्रिया के तहत नदी की धारा परिवर्तन का कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।
बेलबाद कोलियरी में सिंगारन नदी का बदलेगा रुख! विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने किया जमीनी निरीक्षण
Reviewed by Bengal Media
on
July 27, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
July 27, 2026
Rating:

No comments: