गौ सम्मान आवाहन अभियान-2026: पश्चिम बर्धमान में हजारों गौभक्त सड़कों पर,21 सूत्री मांगों के समर्थन में DM कार्यलय में सौंपा मांगपत्र
रानीगंज/आसनसोल: गौ माता की रक्षा, सेवा और सम्मान को लेकर सोमवार को पश्चिम बर्धमान जिले में "गो सम्मान आवाहन अभियान-2026" के तहत अभूतपूर्व जनसमर्थन देखने को मिला। देशभर के 790 जिलों में एक साथ आयोजित इस राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत आसनसोल में हजारों की संख्या में गौभक्त एकत्र हुए और शांतिपूर्ण मार्च निकालकर जिला प्रशासन को 21 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। अभियान में रानीगंज, आसनसोल, दुर्गापुर, जामुड़िया, सालानपुर, पांडेश्वर, कुल्टी, बराकर, दोमहानी सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सोमवार सुबह रानीगंज के श्री श्याम मंदिर प्रांगण से सैकड़ों गौभक्त बसों और अन्य वाहनों के माध्यम से आसनसोल के लिए रवाना हुए। वहीं कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत सेंट्रल रोड स्थित इको पार्क मैदान से हुई, जहां शंखध्वनि के साथ "श्री राम जय राम जय जय राम" महामंत्र का सामूहिक जाप किया गया। इसके बाद हजारों लोगों ने अनुशासित ढंग से "गौ हत्या बंद करो" और "सनातन धर्म की जय हो" जैसे नारों के बीच पैदल मार्च करते हुए जिला शासक कार्यालय तक रैली निकाली।
जिला शासक की अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला शासक ADM (G) को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पूरे देश में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ माता को "राष्ट्रमाता" का दर्जा देने, गौशालाओं को सरकारी संरक्षण एवं आर्थिक सहायता प्रदान करने सहित कुल 21 प्रमुख मांगें शामिल थीं। अभियान के दौरान देशभर से एकत्र किए गए लगभग 5 लाख हस्ताक्षर भी प्रशासन को सौंपे गए तथा अनुरोध किया गया कि यह ज्ञापन राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल और मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाए।
रानीगंज गौशाला के पूर्व सचिव दीपक कालोटिया ने कहा कि संगठन कई वर्षों से गौ संरक्षण को लेकर लगातार आवाज उठाता रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी 27 अप्रैल को इसी विषय पर ज्ञापन दिया गया था और जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, आंदोलन जारी रहेगा।
रानीगंज गौशाला के पूर्व अध्यक्ष ललित खेतान ने कहा कि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा मिलने से उनके संरक्षण को कानूनी मजबूती मिलेगी और गौ हत्या पर प्रभावी रोक लग सकेगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपरा के संरक्षण का भी विषय है।
जिला समाहरणालय के निकट आयोजित सभा में वक्ताओं ने गौ संरक्षण, गौशालाओं के विकास और प्रभावी सरकारी नीति बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। सभा के बाद निकली विशाल रैली शांतिपूर्ण ढंग से जिला समाहरणालय पहुंची, जहां प्रशासन को मांगपत्र सौंपा गया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इको पार्क से जिला शासक कार्यालय तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा और सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस अभियान में पुनीत सानतोरिया, विकास सतनालिका, रितेश खेतान, राकेश मोदी, गोपाल खेड़िया, ललित खेतान,विनोद बंसल, सुमित कयाल,गोपाल शरावगी, विपुल दुबे, अमन गिरी, सुदीप गोराई, बैद्यनाथ पाल, संतोष महेश्वरी, दीपक मोदी, बबलू गोराई, सतीश कयाल, मुकेश अग्रवाल, राजेश जालान, सियाराम अग्रवाल, महेश शर्मा, विनय शर्मा, आनंद पारीक सहित बड़ी संख्या में गौभक्त और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आयोजकों ने बताया कि "गो सम्मान आवाहन अभियान-2026" के माध्यम से देशभर में जनसमर्थन जुटाकर गौ संरक्षण से जुड़ी मांगों को केंद्र सरकार तक प्रभावी रूप से पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
गौ सम्मान आवाहन अभियान-2026: पश्चिम बर्धमान में हजारों गौभक्त सड़कों पर,21 सूत्री मांगों के समर्थन में DM कार्यलय में सौंपा मांगपत्र
Reviewed by Bengal Media
on
July 27, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
July 27, 2026
Rating:

No comments: