रानीगंज- डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी आर्बिट्रेशन एंड मेडिएशन सेंटर (डीएसपीएमएएमसी) का औपचारिक शुभारम्भ ज़ायका रेस्टोरेंट, प्रेस क्लब ऑफ शिल्पांचल के निकट, सष्टिगोरिया, रानीगंज में किया गया। यह सेंटर आर्बिट्रेशन एंड कॉन्सिलिएशन एक्ट, 1996 तथा मेडिएशन एक्ट, 2023 के अनुरूप आर्बिट्रेशन, मेडिएशन, अल्टरनेटिव डिस्प्यूट रिज़ोल्यूशन (एडीआर) एवं ऑनलाइन डिस्प्यूट रिज़ोल्यूशन (ओडीआर) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वप्निल मुखर्जी, पीएच.डी. (विधि) शोधार्थी, एमिटी लॉ स्कूल, कोलकाता, एमिटी यूनिवर्सिटी कोलकाता एवं अधिवक्ता, कलकत्ता उच्च न्यायालय ने की। अपने संबोधन में उन्होंने भारत में इंस्टीट्यूशनल आर्बिट्रेशन के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विवादों के त्वरित, निष्पक्ष एवं किफायती समाधान के लिए संस्थागत आर्बिट्रेशन को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि उनका शोध भी इंस्टीट्यूशनल आर्बिट्रेशन विषय पर केंद्रित है।
सेंटर का उद्घाटन मुख्य अतिथि श्री मदन मोहन मिश्र, पूर्व जिला न्यायाधीश, तथा श्री पीयूष कान्ति गोस्वामी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री अमिताभ बनर्जी, अधिवक्ता एवं नोटरी पब्लिक, तथा श्री सौमित्र मुखर्जी, अधिवक्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर यश सिंह चौहान, अधिवक्ता; केतन माखारिया, अधिवक्ता; तथा रोनिका शॉ, अधिवक्ता सहित अनेक गणमान्य विधि विशेषज्ञ उपस्थित थे।
सभी अतिथियों ने सेंटर की स्थापना की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह संस्था आर्बिट्रेशन, मेडिएशन, एडीआर एवं ओडीआर के क्षेत्र में जन-जागरूकता बढ़ाने, विधिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करने तथा प्रभावी एवं संस्थागत विवाद समाधान प्रणाली को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम का समापन सभी अतिथियों द्वारा सेंटर की सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ।
रानीगंज में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी आर्बिट्रेशन एंड मेडिएशन सेंटर का शुभारम्भ
Reviewed by Bengal Media
on
July 07, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
July 07, 2026
Rating:

No comments: