ECL लीजहोल्ड क्षेत्रों में बिजली संकट पर बड़ा एक्शन, विधायक जितेंद्र तिवारी ने डीएम से की तत्काल हस्तक्षेप की मांग
पांडवेश्वर: पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के लीजहोल्ड क्षेत्रों में रहने वाले हजारों परिवारों की वर्षों पुरानी बिजली समस्या अब प्रशासन के दरवाजे तक पहुंच गई है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर विधायक जितेंद्र कुमार तिवारी ने पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप और स्थायी समाधान की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि ईसीएल के लीजहोल्ड क्षेत्रों में लंबे समय से रह रहे हजारों परिवार आज भी पश्चिम बंगाल राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (WBSEDCL) की नियमित बिजली सुविधा से वंचित हैं। बिजली नहीं होने के कारण छात्रों की पढ़ाई, मरीजों के इलाज, छोटे कारोबार, स्वरोजगार और आम जनजीवन पर गंभीर असर पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि ईसीएल और डब्ल्यूबीएसईडीसीएल के बीच समन्वय की कमी के कारण आम लोगों को वर्षों से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि दोनों विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर स्थायी बिजली कनेक्शन की व्यवस्था कराई जाए।
उधर, स्थानीय लोगों ने भी वर्षों से बिजली कनेक्शन नहीं मिलने पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि गर्मी, बरसात और त्योहारों के दौरान बिना बिजली के जीवन बेहद कठिन हो जाता है। कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।
क्षेत्रवासियों ने विधायक की पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन जल्द प्रभावी कदम उठाएगा। वहीं उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक तरीके से बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
ECL लीजहोल्ड क्षेत्रों में बिजली संकट पर बड़ा एक्शन, विधायक जितेंद्र तिवारी ने डीएम से की तत्काल हस्तक्षेप की मांग
Reviewed by Bengal Media
on
July 24, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
July 24, 2026
Rating:

No comments: