रानीगंज में उल्टा रथ महोत्सव की भव्य तैयारियां पूरी, कामाख्या से पहुंचे नागा संतों का राज परिवार ने किया भव्य स्वागत
रानीगंज: पूरे देश के साथ शुक्रवार को रानीगंज में भी ऐतिहासिक उल्टा रथ महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर को लेकर रानीगंज राजबाड़ी राज परिवार की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। गुरुवार को असम स्थित प्रसिद्ध कामाख्या धाम से थानापति महंत नित्यानंद गिरी जी महाराज अनेक नागा साधुओं एवं संत-महात्माओं के साथ रानीगंज राजबाड़ी पहुंचे, जहां राज परिवार ने परंपरा के अनुसार उनका भव्य स्वागत और सम्मान किया।
राज परिवार की सदस्य अनुराधा मालिया सराफ ने बताया कि साधु-संतों का सत्कार करना उनके परिवार की वर्षों पुरानी परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि एक समय आर्थिक कठिनाइयों के कारण इस परंपरा को पहले जैसी भव्यता से निभा पाना संभव नहीं था, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं और पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद वे एक बार फिर पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ संतों की सेवा कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष के आयोजन को सफल बनाने में पुलिस प्रशासन, भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के कार्यकर्ताओं का भी पूरा सहयोग मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि शुक्रवार को होने वाले उल्टा रथ महोत्सव में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन के बावजूद सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जाएंगी।
इस अवसर पर कामाख्या धाम से आए थानापति महंत नित्यानंद गिरी जी महाराज ने कहा कि पश्चिम बंगाल सनातन संस्कृति की पावन भूमि है, जहां वर्ष भर धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व-त्योहारों का आयोजन होता रहता है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में नागा संन्यासियों का विशेष स्थान है और वे धर्म एवं राष्ट्र की रक्षा तथा कल्याण के लिए कठोर तपस्या करते हैं।
थानापति महंत नित्यानंद गिरी जी ने बताया कि चारों मठों के शंकराचार्यों के निर्णय के बाद नागा संन्यासियों की समाज और राष्ट्र के प्रति सक्रिय भूमिका और बढ़ी है। इसी उद्देश्य से अब नागा संत विभिन्न धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर समाज के बीच पहुंचते हैं तथा सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और सांस्कृतिक जागरूकता का संदेश देते हैं।
रानीगंज में होने वाले ऐतिहासिक उल्टा रथ महोत्सव को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है। प्रशासन और आयोजकों को उम्मीद है कि लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच यह धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण, भव्य और सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
रानीगंज में उल्टा रथ महोत्सव की भव्य तैयारियां पूरी, कामाख्या से पहुंचे नागा संतों का राज परिवार ने किया भव्य स्वागत
Reviewed by Bengal Media
on
July 23, 2026
Rating:
Reviewed by Bengal Media
on
July 23, 2026
Rating:

No comments: