Bengal Media

"Your Voice, Your News"

रानीगंज में अकीदत और उत्साह के साथ निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, गूंजा ‘या रसूलल्लाह’ का नारा

रानीगंज: ईद-ए-मिलाद-उन-नबी के मुबारक मौके पर दुनिया भर के साथ-साथ पश्चिम बर्धमान के रानीगंज में भी मुस्लिम समुदाय ने पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की यौम-ए-पैदाइश को अकीदत और उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर रानीगंज के विभिन्न इलाकों से शांतिपूर्ण तरीके से भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया।
रानीगंज के तारबंगला, गिरजापाड़ा, नवीनगर सहित विभिन्न मोहल्लों से निकले जुलूस प्रशासन द्वारा निर्धारित एवं अनुमत मार्गों से होते हुए रानीगंज के पीर बाबा मजार पहुंचे। पूरे जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और ‘या रसूलल्लाह’ के नारों से माहौल गूंज उठा।
मजार शरीफ पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने नबी-ए-पाक पर सलाम पेश किया तथा देश और दुनिया में अमन, शांति और खुशहाली के लिए विशेष दुआएं मांगीं।
जुलूस के रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों की ओर से सेवा शिविर लगाए गए थे। इन शिविरों में लोगों को मिठाई, शरबत, पानी और खजूर वितरित किए गए। जुलूस में हजारों की संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली।
पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए रानीगंज पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। एतवारी मोड़, मजार शरीफ समेत संवेदनशील इलाकों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने जुलूस के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर बनाए रखी।
स्थानीय लोगों ने शांतिपूर्ण माहौल में ईद-ए-मिलाद-उन-नबी का पर्व संपन्न होने पर रानीगंज पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक आस्था के साथ आपसी भाईचारे और शांति का संदेश भी देखने को मिला।
रानीगंज में अकीदत और उत्साह के साथ निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, गूंजा ‘या रसूलल्लाह’ का नारा रानीगंज में अकीदत और उत्साह के साथ निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, गूंजा ‘या रसूलल्लाह’ का नारा Reviewed by Bengal Media on August 26, 2026 Rating: 5

No comments:

Home Ads

Powered by Blogger.